'रविन्द्र जडेजा के बल्ले से रन आने जरूरी,' दिनेश कार्तिक ने माना टीम के लिए नुकसान
Ravindra Jadeja: एशिया कप में रविन्द्र जडेजा का बल्ला खामोश रहा है। बतौर ऑल राउंडर खेलने वाले जडेजा की फॉर्म ठीक नहीं दिख रही है। हालांकि गेंदबाजी में वह अब भी उसी तरह का दमखम दिखा रहे हैं। दिनेश कार्तिक के अनुसार जडेजा के रन नहीं आना चिंता का विषय है।
क्रिकबज से बातचीत करते हुए कार्तिक ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में जडेजा अद्भुत रहे हैं। वह काफी प्रभावशाली और भरोसेमंद रहे हैं। सफेद गेंद क्रिकेट में वह बैटिंग में बेस्ट नहीं रहे हैं। वह मुख्य खिलाड़ी हैं। जब भी उन्होंने बेहतर प्रदर्शन किया है, टीम ने भी अच्छा किया है।

कार्तिक ने कहा कि जडेजा को बैटिंग में कदम बढ़ाने होंगे। अगर वह गेंद से कभी अच्छा नहीं कर पाते हैं, तो बैटिंग से भारतीय टीम मैनेज कर लेगी। अगर वह बल्ले से रन नहीं बना पा रहे हैं, तो टीम इंडिया के लिए समस्या हो सकती है।
गौरतलब है कि वनडे में वापस आने के बाद से जडेजा के बल्ले से रन नहीं आए हैं। 2022 में वापसी के बाद से जडेजा खास नहीं कर पाए हैं। 2023 में उन्होंने 11 मैचों में सिर्फ 138 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक भी फिफ्टी देखने को नहीं मिली है। ऐसे में कहा जा सकता है कि जडेजा को इस तरफ ध्यान देना होगा।
कार्तिक ने अक्षर पटेल के बारे में कहा कि कोलम्बो में परिस्थितियां अनुकूल होने के बाद भी अक्षर पटेल अपनी गेंदबाजी से छाप छोड़ने में नाकाम रहे। एशिया कप में अक्षर पटेल को एक विकेट मिला। वह भारत की वनडे वर्ल्ड कप टीम में भी शामिल किये गए हैं।
कार्तिक ने कहा कि भारतीय टीम दोनों लेफ्ट आर्म गेंदबाजों को लेकर चिंतित होगी। यही एक ऐसा क्षेत्र है जिसमें चिंता करनी चाहिए। अक्षर पटेल जिस गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, वह एशिया कप में नहीं दिखा पाए हैं। दोनों मैचों में ही उनकी गेंदबाजी में वह देखने को नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications