'लोग पंत से मिलने से करें परहेज', DDCA डायरेक्टर ने बताया क्रिकेटर को इंफेक्शन होने का खतरा
भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की हालत स्थिर है लेकिन उनसे मिलने के लिए जिस तरह से लोगों का तांता लगा हुआ है उसके चलते घायल विकेटकीपर को इंफेक्शन होने का खतरा है।

भारत के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत अपने चर्चित एक्सीडेंट में लगी चोटों से उबर रहे हैं। ये घातक चोट उनको शुक्रवार की सुबह लगी थी। चोटें काफी हैं लेकिन एक बड़ी अनहोनी होते भी टल चुकी है। जिस तरह का ये एक्सीडेंट था उसमें भयंकर से भयंकर चीजें भी घटित हो सकती थी। यह भारतीय क्रिकेट के लिए राहत की बात है कि पंत की चोटें ऐसी नहीं है जो उनका करियर ही खत्म कर दें। उनको मैदान पर वापस आने में कुछ महीने जरूर लगेंगे। हालांकि टेस्ट क्रिकेट में इस चोट ने एक बड़ा शून्य पैदा कर दिया है क्योंकि सफेद गेंद क्रिकेट में पंत के कई योग्य विकल्प होने के बावजूद लाल गेंद क्रिकेट में एक भी कीपर उस तरह की बैटिंग की क्षमता नहीं रखता है।
उम्मीद है पंत मैदान पर जल्दी लौटें। फिलहाल तो दिल्ली और जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) के निदेशक श्याम शर्मा ने उनके ठीक होने पर सकारात्मक अपडेट दिया है। शर्मा खुद पंत से मिलने अपनी टीम के साथ देहरादून गए थे। पंत की हालत स्थिर हैं लेकिन उनको अभी भी इंफेक्शन का खतरा है जिसके चलते शर्मा ने लोगों से अपील की है कि पंत से मुलाकात करने में परहेज किया जाए। इससे पहले, बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर और अनिल कपूर ने अस्पताल में स्टार भारतीय क्रिकेटर से मुलाकात की। पंत के दिल्ली टीम के साथी नीतीश राणा ने भी अपने हमवतन की बरामदगी का जायजा लेने के लिए दौरा किया।
शनिवार को देहरादून के मैक्स अस्पताल पहुंचे शर्मा फिलहाल क्रिकेटर की हालत में हो रहे सुधार से संतुष्ट हैं और वे फिलहाल उनको दिल्ली ट्रांसफर नहीं कर रहे हैं। डीडीसीए के निदेशक श्याम शर्मा ने कहा, "जो लोग पंत से मिलने जा रहे हैं, उन्हें इससे बचना चाहिए, क्योंकि इंफेक्शन की संभावना है। पंत से मिलने के लिए कोई वीआईपी मूवमेंट नहीं होना चाहिए और उनसे मिलने आने वाले लोगों को इससे बचना चाहिए, क्योंकि पंत के लिए इंफेक्शन की संभावना है।"
श्याम शर्मा ने ऋषभ पंत के साथ बातचीत का भी खुलासा किया जो स्थिर स्थिति में थे और ट्रीटमेंट के लिए सही से रेस्पांस दे रहे हैं। शर्मा ने बताया कि पंत ने उनको सूचित किया कि जब उन्होंने गड्ढे से बचने की कोशिश की तो उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई।












Click it and Unblock the Notifications