Kavya Maran की 35.25 करोड़ वाले खिलाड़ियों पर अकेले मिचेल स्टार्क पड़े भारी! ऑक्शन में मिले थे सिर्फ इतने पैसे
DC vs SRH IPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स के मिचेल स्टार्क ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दमदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। अभिषेक शर्मा मिचेल स्टार्क के ओवर में रन आउट हो गए। इसके बाद स्टार्क ने लगातार विकेट झटकने में सफलता हासिल की। हालांकि, इसके बावजूद हैदराबाद की टीम ने तेज गति से रन बनाने का सिलसिला जारी रखा। हैदराबाद की टीम ने पावरप्ले के अंदर ही चार विकेट गंवा दिए थे।
मिचेल स्टार्क ने दिखाया दमखम (DC vs SRH IPL 2025)
सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खराब रही। सनराइजर्स हैदराबाद को पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा के रूप में पहला झटका लगा। मिचेल स्टार्क की गेंद पर ईशान किशन भी जल्द ही आउट हो गए। ईशान पांच गेंदों पर दो रन बनाकर आउट हुए। मिचेल स्टार्क ने सनराइजर्स हैदराबाद को तीसरा झटका नीतीश रेड्डी के रूप में दिया।

हेड को स्टार्क ने किया आउट
ट्रेविस हेड एक छोर से पावरप्ले में रन बना रहे थे, लेकिन अंत में वह भी मिचेल स्टार्क की गेंद पर केएल राहुल को कैच दे बैठे। हैदराबाद ने 37 रन के स्कोर पर चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद हेनरिच क्लासेन और अनिकेत वर्मा ने तेजी से रन बनाने का काम किया और टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया।
35.25 करोड़ पर भारी स्टार्क
सनराइजर्स हैदराबाद ने अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड को 14-14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था। इसके अलावा ईशान किशन को हैदराबाद ने 11 करोड़ 25 लाख में खरीदा था। जबकि नीतीश रेड्डी को 6 करोड़ में रिटेन किया था। मिचेल स्टार्क इन सभी खिलाड़ियों पर अकेले भारी पड़ गए। दिल्ली कैपिटल्स ने स्टार्क को 11 करोड़ 75 लाख में खरीदा था। पिछली बार कोलकाता नाइट राइडर्स ने स्टार्क को 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। लेकिन इस बार वह दिल्ली को सस्ते में मिल गए जिससे स्टार्क को 13 करोड़ का नुकसान हुआ।












Click it and Unblock the Notifications