'देशभक्ति दिखाना बंद करो,' दानिश कनेरिया ने भारतीय टीम को सुनाई खरीखोटी, एशिया कप को लेकर किया तीखा वार
Danish Kaneria: एशिया कप टूर्नामेंट की घोषणा हो गई है और इसमें भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला होगा। दोनों टीमों के बीच हाल ही में चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान टक्कर देखने को मिली थी। खबरें आ रही थीं कि बीसीसीआई इस इवेंट से खुद को पीछे खींच लेगी लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है।
भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज नहीं होती है लेकिन अन्य इवेंट्स में भिड़ंत देखने को मिलती है। हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद वर्ल्ड चैम्पियनशिप ऑफ़ लीजेंड्स में भारत ने पाकिस्तान से नहीं खेलने का फैसला लिया था। वह रिटायर्ड प्लेयर्स की लीग थी।

इस बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर दानिश कनेरिया ने बीसीसीआई और भारतीय टीम के खिलाड़ियों को खरीखोटी सुनाई है। आम तौर पर भारत की तारीफों के पुल बांधने वाले कनेरिया ने कहा है कि आपको देशभक्ति का इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए और कोई ठोस फैसला लेना चाहिए।
कनेरिया ने एक्स पर लिखा कि भारतीय खिलाड़ियों ने WCL का बहिष्कार किया और इसे राष्ट्रीय कर्तव्य कहा। लेकिन अब एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेलना बिलकुल ठीक है? अगर पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट खेलना ठीक है, तो फिर WCL भी ठीक होना चाहिए था। जब सुविधा हो तभी देशभक्ति दिखाना बंद करो। खेल को खेल रहने दो, उसे प्रोपेगेंडा मत बनाओ।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को सबक सिखाया था और ऑपरेशन सिंदूर हुआ था। इसके बाद पूर्व क्रिकेटरों ने पाक के साथ खेलने से मना किया था। इनमें हरभजन, शिखर धवन, इरफ़ान पठान और युसूफ पठान सबसे आगे थे। पाकिस्तान के खिलाफ WCL का वह मुकाबला रद्द हो गया था।
अब एशिया कप भारत की मेजबानी में यूएई में खेला जाएगा। यह इवेंट 9 सितंबर से शुरू हो जाएगा। पाकिस्तानी टीम खेलने के लिए भारत में नहीं आएगी, इस वजह से इवेंट को शिफ्ट करते हुए यूएई में आयोजित कराने का फैसला हुआ, इसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी।












Click it and Unblock the Notifications