चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए बड़ी खबर, प्रमुख खिलाड़ी IPL में वापसी के लिए तैयार
पिछले सीजन आईपीएल में खरीदे जाने के बाद वह चोटिल हो गए थे और पूरे टूर्नामेंट में नहीं खेल पाए थे, इस बार वह खेलते हुए दिखेंगे।

Deepak Chahar ready for IPL: भारतीय टीम के ऑलराउंडर दीपक चाहर के लिए पिछला साल अच्छा नहीं रहा था। दीपक चाहर चोट की वजह से पिछले साल के आईपीएल में भी नहीं खेल पाए थे और नेशनल टीम में भी वह काफी कम समय के लिए आए थे। इसके बाद वह चोटिल होकर वापस मैदान से दूर हो गए। अब एक बार फिर से उनकी फिटनेस को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। चाहर मैदान पर वापसी करने के लिए तैयार हो रहे हैं और फिट भी हो गए हैं। पिछले आईपीएल में उनको चेन्नई ने 14 करोड़ में खरीदा था लेकिन चोट के कारण नहीं खेल पाए थे।

अब पूरी तरह फिटनेस अच्छी है
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के अनुसार दीपक चाहर ने कहा कि पिछले 2 से 3 महीने मैंने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है। चाहर ने कहा है कि वह पूरी तरह से फिट हैं और आईपीएल के लिए अच्छी तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुझे स्ट्रेस फ्रेक्चर और क्वॉड ग्रेड 3 टियर था। दोनों बड़ी चोट है और आप कई महीनों के लिए बाहर हो जाते हो। कोई भी इस तरह की चोट के बाद वापस आता है तो उस समय लगता है और खासकर तेज गेंदबाजों के मामले में ऐसा जरूर होता है।

बल्लेबाज होता तो वापसी जल्दी होती
दीपक चाहर ने यह भी कहा कि अगर मैं एक बल्लेबाज होता तो काफी पहले मैदान पर वापसी कर लेता लेकिन स्ट्रेस फ्रैक्चर के बाद तेज गेंदबाज के लिए वापस आना मुश्किल काम होता है। आप देख सकते हैं कि अन्य गेंदबाज भी पीठ की परेशानी से जूझ रहे हैं।

भारतीय टीम में जगह बनाने का भरोसा
इस भारतीय खिलाड़ी को भरोसा है कि वह टीम इंडिया में अपनी जगह बरकरार रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि मैंने एक ही नियम अपनाया है। अगर मैं पूरी तरह से गेंदबाजी और बल्लेबाजी कर पा रहा हूं तो मुझे कोई नहीं रोक सकता। मेरा यही एक बेसिक नियम था, जिसके साथ मैंने अपने करियर की शुरुआत की थी।












Click it and Unblock the Notifications