PSL को बीच में छोड़ IPL की शरण में दिग्गज गेंदबाज, बौखलाए PCB ने दी एक्शन की धमकी!
Blessing Muzarabani Joins KKR, IPL 2026: जिम्बाब्वे (Zimbabwe) के स्टार तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी (Blessing Muzarabani) के एक फैसले ने पीएसएल (PSL) की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गेंदबाज ने आगामी पाकिस्तान सुपर लीग सीजन से अपना नाम वापस लेकर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है। मुजारबानी ने यह फैसला IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के साथ जुड़ने के लिए लिया है।
इस अचानक आए बदलाव से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) काफी नाराज है और खबर है कि बोर्ड खिलाड़ी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है। आइए जानतें हैं मुजारबानी के इस फैसले ने पीसीबी की चिंताएं कैसे बढ़ा दी हैं।

PSL का कॉन्ट्रैक्ट छोड़ IPL की राह पर मुज़ारबानी
हाल ही में संपन्न हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले मुज़ारबानी को इस्लामाबाद यूनाइटेड ने 11 मिलियन पीकेआर (PKR) में साइन किया था। मुज़ारबानी ने टूर्नामेंट में 13 विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित की थी। हालांकि, जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल होने का प्रस्ताव दिया, तो उन्होंने पीएसएल का साथ छोड़ना बेहतर समझा।
PCB की नाराजगी और कानूनी विकल्प
जियो सुपर की एक रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी मुज़ारबानी द्वारा ऐन वक्त पर कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने के फैसले से काफी आहत है। यह पहली बार नहीं है जब पीएसएल को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा हो। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश ने भी पेशावर जाल्मी का साथ छोड़कर मुंबई इंडियंस का हाथ थाम लिया था, जिसके बाद पीसीबी ने उन पर एक साल का बैन लगा दिया था। माना जा रहा है कि मुज़ारबानी के मामले में भी बोर्ड कड़ा रुख अपना सकता है।
मुज़ारबानी को साइन करने पर KKR का आधिकारिक बयान
कोलकाता नाइट राइडर्स ने जिम्बाब्वे के इस तेज गेंदबाज का टीम में स्वागत करते हुए कहा: 'KKR ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीजन के लिए टीम में जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुज़ारबानी को साइन किया है। 6 फुट 8 इंच लंबा यह दाएं हाथ का तेज गेंदबाज सबसे छोटे फॉर्मेट में जिम्बाब्वे के प्रमुख तेज गेंदबाजों में से एक बनकर उभरा है, जो अपनी जबरदस्त उछाल और पारी के महत्वपूर्ण चरणों में विकेट लेने की क्षमता के लिए जाना जाता है।
'मुज़ारबानी के पास टी20 का महत्वपूर्ण अनुभव है, जिन्होंने 80 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में लगभग 21 के औसत से 90 से अधिक विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 3/8 रहा है। वैश्विक लीगों और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी गति और निरंतरता सीजन में जाने वाले KKR के पेस अटैक को और गहराई प्रदान करेगी।'
BCCI ने घोषित किया IPL 2026 का पूरा शेड्यूल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने IPL 2026 सीजन के पूर्ण कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इस बार टूर्नामेंट 28 मार्च से 31 मई तक खेला जाएगा, जिसमें कुल 84 लीग मैच होंगे, जिसके बाद प्लेऑफ और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। BCCI ने फिलहाल टूर्नामेंट के पहले चरण के शेड्यूल को जारी किया है। शेष मैचों के शेड्यूल की पुष्टि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम के चुनावी कार्यक्रमों के अनुसार की जाएगी। टूर्नामेंट का आगाज 28 मार्च को होगा, जहां मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से होगा।












Click it and Unblock the Notifications