'पहली बार डिप्रेशन में गया, मेरा अपमान हुआ, मैं रोया', प्रीति जिंटा की टीम में क्रिस गेल के साथ ऐसा क्या हुआ?
IPL, Punjab Kings Chris Gayle: वेस्टइंडीज के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते रहे हैं। यूनिवर्स बॉस कहे जाने वाले क्रिस गेल ने टी-20 क्रिकेट में ऐसे रिकॉर्ड बनाए हैं, जिन्हें तोड़ना आसान नहीं। लेकिन उनके IPL करियर का अंत उतना शानदार नहीं रहा, जितना उन्होंने खेला था। उन्होंने आईपीएल में भी कई धमाकेदार पारियां खेलने का काम किया है।
क्रिस गेल ने कर दिया बड़ा खुलासा (IPL, Punjab Kings Chris Gayle)
क्रिस गेल ने हाल ही में एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि 2021 में बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा की पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ उनका अनुभव बेहद खराब रहा। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। गेल का मानना है कि उन्होंने लीग को बहुत कुछ दिया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें ऐसे ट्रीट किया गया जैसे वह कोई जूनियर खिलाड़ी हों। इसी रवैये ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया।

पहली बार डिप्रेशन में गए थे गेल
क्रिस गेल ने बताया कि पंजाब किंग्स के साथ बिताए समय में वे डिप्रेशन तक में चले गए थे। खासकर उस वक्त जब उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ केवल 1 रन बनाया और उसके बाद खुद से सवाल करने लगे कि क्या उन्हें आगे खेलना चाहिए। उसी समय उन्होंने फैसला किया कि अब IPL को छोड़ना ही बेहतर है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे सिर्फ क्रिकेटिंग कारण नहीं थे, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बड़ा मुद्दा था।
कुंबले के सामने निकल पड़े थे आंसू
लगातार बायो-बबल में रहना और सम्मान न मिलना, दोनों चीज़ों ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर दिया। गेल ने उस दौर को याद करते हुए कहा कि पहली बार मुझे डिप्रेशन जैसा महसूस हुआ। पैसे से ज्यादा मानसिक शांति जरूरी है। गेल ने खुलासा किया कि उन्होंने तत्कालीन हेड कोच अनिल कुंबले से व्यक्तिगत बातचीत की और इसी दौरान वे रो पड़े। उन्होंने कहा कि उस लम्हे में वे पूरी तरह टूट चुके थे।
इसके बाद कप्तान केएल राहुल ने भी उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनका मन बना चुका था। उन्होंने अपना बैग पैक किया और IPL को बीच में ही छोड़ दिया। गेल ने पंजाब किंग्स के लिए चार सीज़न खेले और 41 मैचों में 1,339 रन बनाए, जिसमें एक शतक और 10 अर्धशतक शामिल थे। भले ही उनका अंत निराशाजनक रहा हो, लेकिन उनके IPL रिकॉर्ड और T20 उपलब्धियां हमेशा याद रखी जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications