रिटायरमेंट के बाद चेतेश्वर पुजारा का आया पहला रिएक्शन, बताया कब और कैसे लिया खेल छोड़ने का फैसला
Cheteshwar Pujara: टेस्ट क्रिकेट में भारत के बड़े क्रिकेटरों में चेतेश्वर पुजारा का नाम भी शामिल है, जिन्होंने आज सभी तरह के क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने की घोषणा कर दी। उन्होंने भारत के लिए अंतिम मुकाबला दो साल पहले वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल के रूप में खेला था।
रिटायरमेंट के बाद पुजारा ने बड़ी प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि उन्होंने यह निर्णय कब लिया था। आज तक से बातचीत में पुजारा ने कहा कि रिटायरमेंट का फैसला उन्होंने हाल ही में लिया। उन्होंने कहा कि खिए, पहले मैंने इसके बारे में ज़्यादा नहीं सोचा था। लेकिन करीब एक हफ्ते से मुझे थोड़ा लगने लगा कि ये सही समय है। तो आज जब मैंने ये फैसला लिया, तो ये मेरे और मेरे पूरे परिवार के लिए बहुत गर्व का पल है।

पुजारा ने कहा कि भारत के लिए खेलना मेरे बचपन का सपना था। जब वो सपना हकीकत बना और इतने वर्षों तक यह सफर चला, तो इस दौरान कई यादगार लम्हे और खास उपलब्धियाँ हासिल हुईं। भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करना हमेशा सम्मान की बात रही है, और मेरे करियर में अब तक कई गर्व के पल रहे हैं।
नंबर तीन पर खेलने वाले पुजारा ने कहा कि मुझे संन्यास के लिए समय सही लगा क्योंकि युवाओं को मौका देना था। मैंने रणजी खेलने का सोचा था लेकिन अन्य क्रिकेटरों को मौके मिले, इसके लिए मैंने रिटायरमेंट के लिए सोचा। टीम इंडिया से दो साल बाहर रहने को लेकर उन्होंने कहा कि मैं इस पर कुछ नहीं कह सकता।
घरेलू क्रिकेट में सौराष्ट्र से आने वाले इस खिलाड़ी ने कहा कि आज का दिन यादगार है और भारतीय टीम के साथ मुझे इतने साल खेलने का मौका मिला। यह काफी मायने रखता है। उन्होंने कहा कि दो बार बड़ी चोट से ठीक होकर मैं वापसी करने में सफल रहा, सोचा नहीं था कि इतने सालों तक भारत के लिए खेलने का मौका मिलेगा।
गौरतलब है कि पुजारा ने टीम इंडिया के लिए 103 टेस्ट मुकाबले खेले और 7 हजार से भी ज्यादा रन बनाए। उन्होंने अपने टेस्ट क्रिकेट में 19 शतकीय पारियां खेली। द्रविड़ के बाद नंबर तीन की पोजीशन उन्होंने बखूबी संभाली।












Click it and Unblock the Notifications