Cheteshwar Pujara Net Worth: क्रिकेट से संन्यास के बाद भी चौंकाएगी पुजारा की कमाई! जानिए कितनी है दौलत
भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी। पुजारा ने आखिरी बार भारत के लिए 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ द ओवल में खेला था। पुजारा ने अपने क्रिकेट करियर से न सिर्फ नाम कमाया, बल्कि अच्छी-खासी संपत्ति भी बनाई।
पुजारा ने सोशल मीडिया पर अपने संन्यास का ऐलान किया है। क्रिकेटर ने अपने भावुक बयान में लिखा कि भारतीय जर्सी पहनना और अपना सर्वस्व समर्पित करना एक अवर्णनीय सम्मान है, लेकिन कृतज्ञता के साथ उन्होंने भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का फैसला किया है।

'क्रिकेट से जो मिला शब्दों में बयां करना असंभव'
उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर लिखा, 'भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और हर बार मैदान पर कदम रखते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना- शब्दों में बयां करना असंभव है कि इसका असली मतलब क्या था। लेकिन जैसा कि कहते हैं, सभी अच्छी चीजों का अंत होना ही चाहिए और अपार कृतज्ञता के साथ मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।'
'जब एक छोटे शहर के बच्चे ने देखा क्रिकेटर बनने का सपना'
चेतेश्वर पुजारा ने अपने रिटायरमेंट नोट में लिखा कि, 'राजकोट जैसे छोटे शहर से एक छोटे बच्चे के रूप में उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने का सपना देखा था। उन्हें नहीं पता था कि यह खेल उन्हें इतनी बड़ी चीजें देगा- अनमोल मौके, अनुभव, उद्देश्य, प्यार और सबसे बढ़कर राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका।'
BCCI और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का किया धन्यवाद
उन्होंने बीसीसीआई और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन का धन्यवाद किया जिन्होंने उन्हें अवसर और सहयोग दिया। साथ ही सभी टीमों, फ्रेंचाइजियों और काउंटियों का भी आभार जताया जिन्हें उन्होंने रिप्रेजेंट किया। पुजारा ने कहा कि अपने गुरुओं, कोचों और मार्गदर्शकों की सीख के बिना वे यहां तक नहीं पहुंच पाते।
चेतेश्वर पुजारा की नेटवर्थ
चेतेश्वर पुजारा की कुल संपत्ति का सटीक आंकड़ा सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है, लेकिन यह 2025 की शुरुआत तक लगभग ₹25 करोड़ होने का अनुमान है, जिसमें मुख्य रूप से घरेलू क्रिकेट और विज्ञापन से होने वाली आय शामिल है, क्योंकि वह वर्तमान में भारतीय राष्ट्रीय टीम या किसी भी आईपीएल फ्रैंचाइजी का हिस्सा नहीं हैं।
चेतेश्वर पुजारा की इनकम के सोर्स क्या हैं?
- घरेलू क्रिकेट- रणजी ट्रॉफी और अन्य घरेलू टूर्नामेंट्स से कमाई।
- अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (पूर्व)- भारतीय राष्ट्रीय टीम के लिए खेले गए मैचों से सैलरी और मैच फीस।
- काउंटी क्रिकेट (इंग्लैंड)- इंग्लिश काउंटी टीमों के साथ खेलकर आय।
- आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट्स (पूर्व) - चेन्नई सुपर किंग्स जैसी फ्रेंचाइज़ियों के साथ खेले गए सीज़न्स से कमाई।
- विज्ञापन और ब्रांड एंडोर्समेंट- कंपनियों और ब्रांड्स के प्रचार से आय।
इस मैच के लिए पुजारा को हमेशा किया जाएगा याद
भारत ने कई शानदार स्ट्रोक-मेकर्स दिए हैं, लेकिन पुजारा की पारी को संभालने और दबाव झेलने की क्षमता की बराबरी बहुत कम लोग कर पाए हैं। उन्हें 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की ऐतिहासिक पहली टेस्ट सीरीज़ जीत के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उस सीरीज में उन्होंने 1,258 गेंदों का सामना किया और 521 रन बनाए और तीन शतक लगाए। उनका योगदान बेहद अहम था।
चेतेश्वर पुजारा के परिवार में कौन-कौन है?
चेतेश्वर पुजारा का परिवार काफी साधारण लेकिन प्रेरणादायक है। उनके पिता अरविंद पुजारा सौराष्ट्र के पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी और चेतेश्वर के शुरुआती कोच रह चुके हैं। पुजारा की मां रीमा पुजारा का कैंसर से 2005 में निधन हो गया था, जब पुजारा 17 वर्ष के थे। पुजारा की शादी पूजा पबारी से 13 फरवरी 2013 को हुई थी। कपल की एक बेटी है- आदिति, जिनका जन्म 22 फरवरी 2018 को हुआ। इन सबके अलावा, पुजारा का चाचा बिपिन पुजारा भी सौराष्ट्र की ओर से प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं












Click it and Unblock the Notifications