चेतेश्वर पुजारा ने राजकोट में इंग्लैंड के सामने खेला बैजबॉल, तूफानी अंदाज में इतनी गेंदों पर ठोका शतक
Cheteshwar Pujara: चेतेश्वर पुजारा इस समय टीम इंडिया से बाहर हैं लेकिन उनकी तरफ से प्रयास पूरी तरह से जारी हैं। पुजारा लगातार टीम में आने के लिए दरवाजा खटखटा रहे हैं लेकिन फ़िलहाल उनको जगह मिलती मुश्किल दिख रही है। राजकोट में भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट चल रहा है और वहीं पुजारा ने धमाका किया है।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम बैजबॉल क्रिकेट खेलने में विश्वास रखती है और तेज बैटिंग करती है। राजकोट में इंग्लैंड टीम के पास ही खेलते पुजारा ने भी बैजबॉल क्रिकेट खेलते हुए धमाका किया है। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपना 63वां फर्स्ट क्लास शतक जमा दिया।

पुजारा ने रणजी ट्रॉफी में सौराष्ट्र के लिए मणिपुर के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए तबाही मचा दी। राजकोट के सनोसरा ग्राउंड पर खेलते हुए पुजारा ने महज 102 गेंदों में सैकड़ा जमा दिया। वह कुल 105 गेंदों का सामना करते हुए 108 रन बनाकर आउट हुए। इस दौरान उनके बल्ले से 12 चौके और 1 छक्का आया। उन्होंने दिखा दिया कि उनकी डिक्शनरी में भी बैजबॉल क्रिकेट के शॉट हैं।
सौराष्ट्र के लिए कुछ अन्य बल्लेबाजों ने भी शतकीय पारियां खेली। कप्तान अर्पित वसावडा ने बड़ी शतकीय पारी खेली। उन्होंने 148 रन बनाए। उनके अलावा प्रेरक मांकड़ ने भी तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 173 गेंदों में 173 रनों की पारी खेली। सौराष्ट्र ने 6 विकेट पर 529 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।
इस रणजी सीजन में पुजारा ने लगातार धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी कर चयन समिति का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। विराट कोहली और केएल राहुल की अनुपस्थिति में पुजारा को टीम में लाने के कयास लगाये जा रहे थे लेकिन ऐसा नहीं हुआ। शायद उम्र की वजह से पुजारा को टीम में शामिल नहीं किया गया। रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में अब तक पुजारा के बल्ले से 673 रन आए हैं। उनके बल्ले से एक दोहरा शतक भी देखने को मिला है। इतने बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भी वह टीम से बाहर हैं लेकिन प्रयास लगातार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications