Champions Trophy Final: भारत का ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ पाक को भी झटका, कोहली ने तोड़ी पड़ोसियों की बड़ी उम्मीद
Champions Trophy Final: भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है! आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटवा लिया। इस धमाकेदार जीत के हीरो रहे विराट कोहली, जिन्होंने 98 गेंदों पर 84 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचाया।
4 मार्च को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत को 265 रनों का लक्ष्य मिला था। शुरुआत में कुछ झटकों के बावजूद, विराट कोहली ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई और मैदान पर अपना दबदबा कायम रखा। उनके आउट होने के बाद केएल राहुल (42*) और हार्दिक पंड्या (28) ने मोर्चा संभालते हुए टीम को 11 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।

भारत के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही क्योंकि उसने 14 साल बाद किसी आईसीसी नॉकआउट मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया। इससे पहले, 2011 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया पर जीत दर्ज की थी।
Champions Trophy Final: अब पाकिस्तान में नहीं, दुबई में होगा फाइनल
भारतीय टीम की इस जीत ने ना सिर्फ ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट से बाहर किया बल्कि पाकिस्तान की भी एक बड़ी उम्मीद पर भी पानी फेर दिया। अगर ऑस्ट्रेलिया यह मैच जीतता, तो फाइनल मुकाबला लाहौर में खेला जाता। लेकिन अब भारत की जीत के बाद चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल दुबई में ही होगा।
अब 9 मार्च को दुबई में होने वाले फाइनल में भारत का सामना साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच 5 मार्च को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। जो कि लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में अब भारत की जीत के साथ पाकिस्तान की उम्मीदें भी टूट चुकी हैं, जो फाइनल मैच को अपने घर पर करवाने का ख्वाब देख रहा था।
कोहली बने पाकिस्तान के लिए 'बुरा सपना'
विराट कोहली इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम के लिए संकटमोचक बनकर उभरे हैं। इससे पहले भी उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 100 रन की पारी खेली थी, जिसने पाकिस्तानी टीम की चैंपियंस ट्रॉफी से विदाई तय कर दी थी। अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक और मैच जिताऊ पारी खेलकर उन्होंने टीम इंडिया को फाइनल में पहुंचाया और पाकिस्तान की उम्मीदों को भी तोड़ दिया।
अब एक कदम दूर चैंपियन बनने से!
टीम इंडिया के पास अब इतिहास रचने का सुनहरा मौका है। विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा और मोहम्म शमी जैसे दिग्गजों से सजी भारतीय टीम ट्रॉफी जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी। अब 9 मार्च को क्रिकेट प्रेमियों की नजरें दुबई के मैदान पर टिकी होंगी, जहां टीम इंडिया अपनी बादशाहत साबित करने उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications