T20 World Cup में KL, रोहित, विराट को ड्रॉप किया जा सकता? फैंस के सवाल पर पूर्व क्रिकेटर ने दिया जवाब
एशिया कप 2022 में सुपर-4 के 2 मुकाबले हारकर भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस टूर्नामेंट को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा था।
नई दिल्ली, 11 सितंबर: एशिया कप 2022 में सुपर-4 के 2 मुकाबले हारकर भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस टूर्नामेंट को ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्वकप की तैयारियों के रूप में देखा जा रहा था। काफी हद तक टीम को अपनी तैयारियों को परखने का मौका भी मिला। कुछ सालों से फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली शानदार लय में नजर आए वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी की। हर्षल पटेल और जसप्रीत बुमराह भी चोट से उबर रहे हैं और वह विश्वकप में खेलते हुए नजर आ सकते हैं। इसी बीच कमेंटेटर आकाश चोपड़ा से एक फैन ने पूछा कि क्या रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली को टी20 विश्वकप 2022 के लिए ड्रॉप किया जा सकता है?

ऐसा संभव नहीं है
आकाश ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि क्या रोहित शर्मा, केएल राहुल और विराट कोहली को टी20 विश्वकप में ड्रॉप करना संभव है? क्योंकि बीसीसीआई ने 2007 के टी20 विश्वकप में ऐसा ही किया था। मैं इस बात से बिल्कुल सहमत नहीं हूं कि उनको अभी ड्रॉप करना चाहिए या कुछ सोचना चाहिए। रोहित, केएल और विराट को खेलना भी चाहिए या अच्छा प्लेटफॉर्म अर्जित करना चाहिए। उन्होंने कहा, विश्वकप में हमारे पास कुछ अच्छे मैच हैं। दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश हमारे ग्रुप में हैं। मैं चाहता हूं कि हमारे तीनों खिलाड़ी खेलें और अच्छे से खेलें।

कार्तिक को मिले मौका
एक फैन ने पूछा कि दीपक हुड्डा को दिनेश कार्तिक से ऊपर क्यों खिलाया जा रहा है। इस पर आकाश ने कहा कि मैं सहमत हूं। मुझे लगता है हुड्डा ऑलराउंडर हैं, आपको लगता है ऑलराउंडर हैं पर अगर टीम ने बॉलिंग नहीं कराई तो टीम को लगता है नहीं हैं। वेंकटेश अय्यर को भी न्यूजीलैंड के खिलाफ खिलाया जा रहा था पर बॉलिंग नहीं करा रहे थे। हुड्डा ने एशिया कप 2022 में सिर्फ 1 ओवर गेंदबाजी की है। ऐसे में अगर हुड्डा से बॉलिंग नहीं करानी है तो दिनेश कार्तिक को ही टीम में शामिल किया जाए।

बल्लेबाजी में गहराई चाहिए
लेफ्ट-राइट कॉम्बीनेशन पर आकाश चोपड़ा ने कहा कि हमें बल्लेबाजी में गहराई चाहिए। लेफ्ट राइट से क्या होता है। आप सारे राइट हैंडर रख लीजिए पर आपकी टीम अच्छी होनी चाहिए। आप सारे लेफ्टी टीम में ले लीजिए पर टीम अच्छी नहीं है तो क्या फायदा। आप लेफ्ट-राइट का कॉम्बीनेशन बना रहे हैं पर दोनों खिलाड़ी उतने तगड़े नहीं हैं तो क्या पॉइंट है। खिलाड़ी अच्छे होने चाहिए, हां लेफ्टी होने का फायदा होता है, लेग स्पिनर हैं-लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं उनको बड़े शॉट लगाना आसान हो जाता है।












Click it and Unblock the Notifications