PBKS vs LSG: मार्करम ने डाला इस सीजन का सबसे महंगा ओवर, 5 जोरदार छक्कों से मचा धमाल
PBKS vs LSG: मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह स्टेडियम में पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में एक ऐसा ओवर देखने को मिला जिसने मैच का पूरा रुख ही बदल दिया। लखनऊ के अनुभवी ऑलराउंडर एडेन मार्करम के लिए यह शाम किसी बुरे सपने से कम नहीं रही, क्योंकि वे आईपीएल 2026 का अब तक का सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
पंजाब किंग्स के युवा बल्लेबाजों ने मार्करम की ऑफ-स्पिन पर ऐसा आक्रमण किया कि लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत भी असहाय नजर आए। यह घटना पंजाब की पारी के 13वें ओवर में घटी जब क्रीज पर कूपर कोनोली और प्रियांश आर्य की जोड़ी मौजूद थी।

मार्करम की जमकर हुई धुनाई
इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर मार्करम के इस एक ओवर में कुल 32 रन बटोर लिए। ओवर की शुरुआत ही आक्रामक रही और इस दौरान कुल 5 छक्के लगाए गए। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कूपर कॉनली ने अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए तीन गगनचुंबी छक्के जड़े, जबकि प्रियांश आर्य ने दो शानदार छक्के लगाकर मार्करम की गेंदबाजी की बखिया उधेड़ दी।
इस ओवर से पहले पंजाब का स्कोर 147/1 था, जो इस ओवर की समाप्ति के बाद अचानक उछलकर 179/1 पर पहुंच गया। इसके बाद स्कोर बढ़ता ही चला गया। आर्य और कूपर दोनों शतक के करीब जाकर और आउट गए लेकिन टीम के लिए अपना काम कर गए।
प्रियांश आर्य शतक से चूक गए
प्रियांश आर्य ने 37 गेंदों में ही 93 रनों की तूफानी पारी खेल डाली। कूपर कॉनली ने भी 87 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 46 गेंदों का सामना किया। इन पारियों की बदौलत पंजाब ने 7 विकेट पर 254 रनों का स्कोर खड़ा किया।
आईपीएल के इतिहास पर नजर डालें तो एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने का रिकॉर्ड प्रशांत परमेश्वरन और हर्षल पटेल के नाम है, जिन्होंने 37-37 रन खर्च किए थे। हालांकि, एडेन मार्करम का यह 32 रनों का ओवर इस सीजन यानी आईपीएल 2026 का सबसे महंगा स्पेल बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications