मुजराबानी ने खोल दी PSL की पोल, अनुबंध के बिना ही कर दिया 2 साल के लिए बैन, PCB को दिया करारा जवाब
पाकिस्तान सुपर लीग और जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजराबानी के बीच विवाद अब एक बड़े कानूनी और प्रशासनिक युद्ध में बदल गया है। हाल ही में पीएसएल प्रबंधन द्वारा मुजराबानी पर दो साल का कड़ा प्रतिबंध लगाने के फैसले ने क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। पीएसएल का आरोप था कि मुजरबानी ने इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर जुड़ने का वादा तोड़कर अनुबंध का उल्लंघन किया है। हालांकि अब मुजराबानी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए पीएसएल को आड़े हाथों लिया है।
मुजराबानी के एक एजेंट ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए पीएसएल के दावों की पोल खोल दी है। एजेंट का कहना है कि किसी खिलाड़ी पर अनुबंध तोड़ने का आरोप तभी लगाया जा सकता है जब उसके पास कोई हस्ताक्षरित दस्तावेज हो।

उनके मुताबिक पीएसएल और इस्लामाबाद यूनाइटेड ने सोशल मीडिया पर तो मुजराबानी के नाम का शोर मचाया, लेकिन असलियत यह है कि खिलाड़ी को साइन करने के लिए कभी कोई औपचारिक अनुबंध पत्र भेजा ही नहीं गया। एजेंट ने तर्क दिया है कि आप उस वादे को निभाने के लिए बाध्य नहीं हो सकते जिसका लिखित प्रमाण ही मौजूद न हो।
इस पूरे विवाद की जड़ में आईपीएल और पीएसएल के बीच की खींचतान भी नजर आ रही है। खबरों के मुताबिक जब पीएसएल की ओर से कागजी कार्रवाई में देरी हुई, उसी दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुजराबानी को अपनी टीम में शामिल होने का प्रस्ताव दिया।
मुजराबानी के पास नहीं था अनुबंध
मुजराबानी के पास पीएसएल का कोई बाइंडिंग कॉन्ट्रैक्ट नहीं था, इसलिए उन्होंने अपने करियर और आर्थिक लाभ को देखते हुए आईपीएल का विकल्प चुना। इसी बात से नाराज होकर पीएसएल ने उन पर दो साल के लिए लीग के दरवाजे बंद कर दिए।
एजेंट ने यह भी साफ किया कि जिम्बाब्वे क्रिकेट बोर्ड से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने के लिए भी आधिकारिक अनुबंध की जरूरत होती है, जो पीएसएल ने उपलब्ध नहीं कराया। ऐसे में मुजराबानी को दोष देना पूरी तरह गलत और अन्यायपूर्ण है।
पाकिस्तान ने छुपाए तथ्य
एजेंट ने इस प्रतिबंध को प्रशासनिक चूक छिपाने का एक तरीका बताया है और पीएसएल से मांग की है कि वह तथ्यों की जांच कर इस बैन को तुरंत वापस ले। फिलहाल इस विवाद ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय लीग्स के बीच खिलाड़ियों के करार और पारदर्शी संचार की कमी को उजागर कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications