इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने ही अपनी टीम को चेताया, कहा- एशेज सीरीज में होगी बैजबॉल की असली परीक्षा
बैजबॉल स्टाइल के जरिए ही इंग्लैंड ने 2022 में 11 टेस्ट मैचों में से 9 में जीत दर्ज की है। इनमें न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ मिली जीत शामिल है।

टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के बैजबॉल स्टाइल की चर्चा दुनियाभर में हो रही है। 2022 में इंग्लैंड ने अपने बैजबॉल स्टाइल से टेस्ट क्रिकेट में दुनियाभर की बड़ी टीमों को हराया है। बैजबॉल के जरिए ही इंग्लैंड ने 2022 के अंत में पाकिस्तान का उसी के घर में टेस्ट सीरीज के अंदर क्लीन स्विप कर दिया था। इंग्लैंड के इस तरीके ने टेस्ट क्रिकेट के नजरिए को बदल दिया है। अब आलम यह है कि और भी टीमें इस स्टाइल को फॉलो करने लगी हैं। ऐसे में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान डेविड गॉवर ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि इंग्लैंड बैजबॉल की सबसे बड़ी परीक्षा 2023 में आगामी एशेज सीरीज रहेगी। एशेज सीरीज में इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी।
बैजबॉल के जरिए 11 में से 9 टेस्ट जीती इंग्लैंड
आपको बता दें कि इंग्लैंड के इस दिग्गज का बयान तब आया है, जब बेन स्टोक के नेतृत्व वाली टीम ने 2022 में 11 टेस्ट मैचों में से 9 में जीत दर्ज की है। 2022 में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को उसी के घर में 3-0 से हराया था। इसके अलावा इंग्लैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-1 से और न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घर में टेस्ट सीरीज 3-0 से जीती थी। इंग्लैंड के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भी डेविड गॉवर ने यह चौंकाने वाला बयान दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई बॉलिंग अटैक के आगे होगी परीक्षा
गॉवर ने कहा है कि बैजबॉल के लिए कड़ी परीक्षा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगी, वहां पता चलेगा कि हम इसे कर सकते हैं या फिर नहीं, यह अगले कुछ महीनों में सामने आ जाएगा। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच की यह सीरीज बहुत ही दिलचस्प होगी, क्योंकि बैजबॉल क्रिकेट के सामने ऑस्ट्रेलिया का स्ट्रॉन्ग बॉलिंग अटैक होगा। इस सीरीज का रोमांच ही देखने लायक होगा।
बेन स्टोक्स के असाधारण खिलाड़ी हैं- गॉवर
डेविड गॉवर ने इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की तारीफ करते हुए कहा है कि उनका योगदान टेस्ट क्रिकेट में बहुत ही शानदार रहा है। उन्होंने इयान बॉथम को पीछे छोड़ दिया है। गॉवर ने कहा कि बेन स्टोक्स असाधारण खिलाड़ी हैं, उन्होंने कुछ मामलों में इयान बॉथम को पीछे छोड़ दिया है, मुझे लगता है कि 2019 में हेडिंग्ले में 81 रन की पारी शानदार थी। गॉवर ने कहा कि इंग्लैंड के इस बार एशेज को जीतने का शानदार मौका होगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पास शानदार गेंदबाजी आक्रमण के अलावा बेहतरीन बैटिंग लाइन अप और पॉजिटिव माइंडसेट है जो उसकी ताकत है।
आपको बता दें कि 2023 में एशेज सीरीज का आयोजन जून-जुलाई में होगा। 16 जून से यह सीरीज शुरू होगी, जिसमें 5 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। इस बार एशेज का आयोजन इंग्लैंड में ही होगा। 2022 में एशेज सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 4-0 से अपने नाम की थी। सीरीज का एक मैच ड्रॉ रहा था।












Click it and Unblock the Notifications