IND vs BAN: रविन्द्र जडेजा ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, दिग्गज खिलाड़ियों के खास क्लब में शामिल
India vs Bangladesh: रविन्द्र जडेजा वर्ल्ड क्रिकेट में एक अलग पहचान और नाम रखते हैं। उनको धाकड़ ऑल राउंडरों में गिना जाता है। भारतीय टीम के लिए बैटिंग और गेंदबाजी दोनों में उनका सराहनीय योगदान रहता है। जडेजा ने कानपुर में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।
पहली पारी के दौरान जडेजा ने एक ही विकेट हासिल किया लेकिन इसके साथ ही उनके खाते में बेहतरीन रिकॉर्ड जुड़ गया। रविन्द्र जडेजा ने ऐसा कीर्तिमान हासिल किया है, जो उनकी कैटेगरी में किसी अन्य भारतीय गेंदबाज के नाम नहीं हुआ।

जडेजा ने टेस्ट में 300 विकेट अपने नाम किये हैं। वह पहले लेफ्ट आर्म भारतीय स्पिनर हैं, जिनके नाम यह खास उपलब्धि दर्ज हुई है। वह टेस्ट क्रिकेट में 300 विकेट लेने वाले सातवें भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। इस लिस्ट में टॉप पर दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले का नाम आता है।
लेफ्ट आर्म स्पिनरों की बात की जाए, तो बिशन सिंह बेदी के नाम 266 विकेट थे। जडेजा ने पहले ही उनका रिकॉर्ड तोड़ दिया था। 300 या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीयों में कुंबले के अलावा अश्विन दूसरे नम्बर पर हैं। उनके अलावा इस लिस्ट में कपिल देव, हरभजन सिंह, इशांत शर्मा, जहीर खान, आदि खिलाड़ी भी हैं।
टेस्ट में सबसे तेज 3000 रन और 300 विकेट लेने वाले वह दूसरे खिलाड़ी बन गए। इस खास लिस्ट में जडेजा से आगे इंग्लैंड के दिग्गज ऑल राउंडर इयान बॉथम का नाम आता है। उन्होंने यह उपलब्धि 72 टेस्ट मैचों में हासिल की थी। जडेजा ने 74 मैच खेले हैं।
भारत से देखें तो वह इस कीर्तिमान को हासिल करने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले रविचंद्रन अश्विन और कपिल देव ने भी 300 विकेट और 3000 रन बनाने की उपलब्धि हासिल की थी। भारत के सामने पहले बैटिंग करते हुए कानपुर में बांग्लादेश की पहली पारी 233 रनों के कुल स्कोर पर समाप्त हो गई।












Click it and Unblock the Notifications