विराट और रोहित की वजह से BCCI की पॉलिसी में बड़ा बदलाव, करोड़ों फैंस में ख़ुशी की लहर
BCCI: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अपने ब्रॉडकास्टिंग नियमों में एक ऐतिहासिक बदलाव की तैयारी कर ली है। हाल ही में विजय हजारे ट्रॉफी (2025-26) में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ियों की भागीदारी ने घरेलू क्रिकेट के प्रति दीवानगी को एक नए स्तर पर पहुँचा दिया है। फैंस की भारी मांग को देखते हुए बीसीसीआई अब घरेलू मैचों के लाइव टेलीकास्ट के दायरे को बढ़ाने जा रहा है।
विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान दिल्ली के लिए विराट कोहली और मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने कुछ मुकाबले खेले। स्टेडियम में तो फैंस की भीड़ उमड़ी, लेकिन लाइव ब्रॉडकास्ट न होने के कारण लाखों क्रिकेट प्रेमी उन्हें खेलते हुए नहीं देख सके। विशेषकर बेंगलुरु में विराट कोहली के मैच 'बंद दरवाजों' के पीछे खेले गए, जिसकी सोशल मीडिया पर कड़ी आलोचना हुई थी।

बीसीसीआई सचिव का बड़ा बयान
बीसीसीआई सचिव देबजीत सैकिया ने इस मुद्दे पर स्पष्ट किया कि बोर्ड अब पुरानी पॉलिसी को बदलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले केवल 100 घरेलू मैचों के लाइव प्रसारण का लक्ष्य रखा जाता था, लेकिन अब इस संख्या को काफी बढ़ाया जाएगा। बोर्ड इसके लिए अपने ब्रॉडकास्टिंग पार्टनर्स के साथ मिलकर नई योजना पर काम कर रहा है ताकि आगामी सीजन में अधिक से अधिक मैच टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हों।
क्यों जरूरी है दिग्गजों का घरेलू क्रिकेट खेलना?
सैकिया के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सितारों के घरेलू मैदान पर उतरने से भारतीय क्रिकेट को दोहरे फायदे मिलते हैं। उभरते हुए खिलाड़ियों को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों और गेंदबाजों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने और उनके खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है।
इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से ब्रेक के दौरान घरेलू मैच खेलने से स्टार खिलाड़ी खेल के साथ जुड़े रहते हैं और उनकी मैच प्रैक्टिस बनी रहती है। गौरतलब है कि रोहित शर्मा जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले थे। विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले को देखने के लिए हजारों दर्शक मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications