T20 विश्व कप के बीच BCCI ने जहीर खान को दी बड़ी जिम्मेदारी, हरभजन सिंह की भी होगी एंट्री?
Zaheer Khan: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने देश की गेंदबाजी प्रतिभा को तराशने के लिए एक नई और प्रभावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। बेंगलुरु स्थित बोर्ड का नया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) अब भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों की पाठशाला में तब्दील हो चुका है।
बीसीसीआई ने स्पेशलिस्ट क्लीनिक मॉडल के तहत खेल के महारथियों को सीधे उभरते हुए खिलाड़ियों के साथ जोड़ने का बड़ा फैसला लिया है, जिसमें अब जहीर खान और हरभजन सिंह के नाम प्रमुखता से जुड़ गए हैं।

बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि की है कि पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान ने हाई-परफॉर्मेंस मॉनिटरिंग ग्रुप के उभरते हुए पेसरों के लिए आयोजित एक विशेष रेड-बॉल कैंप को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। तीन दिनों तक चले इस सत्र में जहीर ने 15 से अधिक युवा तेज गेंदबाजों को गेंदबाजी की बारीकियां बताई।
कैम्प में क्या रणनीति हुई तय
इस कैंप का पूरा फोकस टेस्ट क्रिकेट की चुनौतियों पर रहा, जहां जहीर ने युवाओं को पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग हासिल करने, सटीक लाइन-लेंथ बरकरार रखने और बल्लेबाजों को अपने जाल में फंसाने की रणनीतियां साझा कीं।
खबरों के अनुसार बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जहीर खान का अनुभव इन युवाओं के लिए किसी खजाने से कम नहीं है। खासकर जब टीम इंडिया को भविष्य में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसे देशों का दौरा करना है, तो इस तरह के प्रशिक्षण की अहमियत और बढ़ जाती है।
स्पिन विभाग के लिए हरभजन सिंह की तैयारी
तेज गेंदबाजी कैंप की सफलता को देखते हुए बीसीसीआई अब स्पिन विभाग में भी सुधार करने जा रहा है। बोर्ड ने दिग्गज ऑफ-स्पिनर हरभजन सिंह से संपर्क किया है, ताकि वे युवाओं के लिए एक स्पेशलिस्ट स्पिन क्लीनिक का नेतृत्व कर सकें।
आईपीएल 2026 के आगाज से ठीक पहले हरभजन सिंह बेंगलुरु में स्पिनरों की क्लास लेते नजर आएंगे। इस दौरान विशेष रूप से ऑफ-स्पिनरों पर ध्यान दिया जाएगा, क्योंकि घरेलू क्रिकेट में गुणवत्ता वाले ऑफ-स्पिनर्स की कमी एक चिंता का विषय बनी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications