BCCI ने 5 साल में कर ली 14,627 करोड़ की कमाई, क्रिकेट से हुई नोटों की बरसात!
BCCI Revenue: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कहा जाता है। हाल ही में जारी हुई 2023-24 की वित्तीय रिपोर्ट बताता है कि BCCI की बैंक बैलेंस और नकद संपत्ति में जबरदस्त इज़ाफा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई के पास वित्तीय वर्ष 2024 के अंत तक कुल 20,686 करोड़ रुपये का बैंक बैलेंस था। यह रकम सभी राज्य क्रिकेट संघों को उनका हिस्सा बांटने के बाद भी बची हुई है।
पिछले पांच साल में करोड़ों की कमाई (BCCI Revenue)
आंकड़े बताते हैं कि पिछले पांच साल में बोर्ड ने 14,627 करोड़ रुपये की कमाई की है। सिर्फ 2023-24 में ही लगभग 4193 करोड़ रुपये का इज़ाफा हुआ। BCCI का जनरल फंड भी काफी बढ़ा है। 2019 में यह करीब 3906 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 7988 करोड़ रुपये हो गया है। साथ ही बोर्ड ने आयकर देनदारियों के लिए 3150 करोड़ रुपये अलग रखे हैं। यह दिखाता है कि वित्तीय मामलों में भी बोर्ड बेहद मजबूत और पारदर्शी ढंग से काम कर रहा है।

टीम इंडिया मैचों से कमाई घटी
हालांकि, रिपोर्ट में एक गिरावट भी दर्ज की गई है। टीम इंडिया के घरेलू और विदेशी मैचों से बीसीसीआई की आय घटी है। 2022-23 में जहां बोर्ड ने मीडिया राइट्स से 2524.80 करोड़ रुपये कमाए थे, वहीं 2023-24 में यह घटकर केवल 813.14 करोड़ रुपये रह गई। वजह साफ है कि इस साल घरेलू मैचों की संख्या कम रही और विश्व कप भारत में आयोजित होने के कारण भी आय प्रभावित हुई। विदेशी दौरों से भी आमदनी घटी है, जो पिछले साल 642 करोड़ रुपये से घटकर 361 करोड़ रुपये तक आ गई।
इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड के लिए रखे पैसे
कमाई के साथ-साथ बीसीसीआई खर्च के मामले में भी आगे नजर आई है। बोर्ड ने 1200 करोड़ रुपये इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड के लिए रखे हैं। इसके अलावा 350 करोड़ रुपये प्लेटिनम जुबली बेनेवोलेंट फंड और 500 करोड़ रुपये क्रिकेट विकास के लिए आवंटित किए गए हैं। इसका मकसद भविष्य में क्रिकेट सुविधाओं को मजबूत करना और पूर्व खिलाड़ियों को सहारा देना है।












Click it and Unblock the Notifications