भारतीय टीम एशिया कप नहीं खेलेगी तो BCCI को कितना नुकसान? विरोध के लिए सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
Asia Cup 2025: एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का वेन्यू सामने आते ही सोशल मीडिया पर उबाल देखने को मिल रहा है। भारत सरकार और बीसीसीआई को जमकर कोसा जा रहा है। पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवारों की याद दिलाई जा रही है।
बड़े-बड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इस मुद्दे को जोर-शोर से उठा रहे हैं और बीसीसीआई को खरीखोटी सूना रहे हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में मुकाबला 14 सितम्बर को खेला जाएगा। यह मुकाबला दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होना है।

शिव सेना उद्धव ग्रुप से सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्स पर लिखा कि हर उस प्रायोजक, ब्रॉडकास्टर और स्ट्रीमिंग ऐप को नाम बताकर शर्मिंदा करें जो इस भारत-पाक मैच से पैसे कमाने की कोशिश कर रहा है, क्योंकि साफ़ तौर पर BCCI और भारत सरकार इस मैच को लेकर बेशर्मी से आगे बढ़ रहे हैं। अब भारतीय नागरिकों की बारी है कि वे अपनी आवाज़ बुलंद और स्पष्ट करें। मैं सूचना और प्रसारण मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्रालय से मांग करती हूं कि वे सभी स्ट्रीमिंग ऐप्स और ब्रॉडकास्ट चैनलों पर प्रतिबंध लगाएं जो यह भारत-पाकिस्तान मैच लाइव दिखा रहे हैं। क्या वे भी दबाव में झुक जाएंगे?
मशहूर यूट्यूबर अजीत भारती ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए लिखा कि क्या ऑपरेशन सिंदूर होल्ड पर है? बीसीसीआई को शर्म आनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और विदेश मंत्री को टैग करते हुए लिखा कि आप संसद और रैलियों में 'राष्ट्रवाद' का ढोल पीटते हैं, लेकिन जब सैनिकों की कुर्बानियों का सम्मान करने की बात आती है, तो वही राष्ट्रवाद गायब हो जाता है। क्या राष्ट्रवाद सिर्फ भीड़ को बहकाने और वोट बटोरने का ज़रिया है?
एशिया कप में इस बार पाकिस्तान को करीब 35 करोड़ की आय होने का अनुमान है और भारत मेजबान देश है। अक्सर भारत अपना राजस्व शेयर छोड़ देता है। भारत अपने हिस्से का राजस्व छोटे देशों में क्रिकेट के विकास के लिए छोड़ता है। बीसीसीआई को इस तरह की रकम छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ता।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा कुछ मौकों पर अपने इंटरव्यू में कह चुके हैं कि एशिया कप से होने वाली आय भारतीय क्रिकेट बोर्ड नहीं लेता है। इसे छोटे देशों में बाँट देता है। जिससे वहां खेल का और ज्यादा विकास हो पाए। ऐसे में अगर भारत इस बार एशिया कप छोड़ भी दे, तो कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। देश में पाकिस्तान को लेकर उबाल है और अब बीसीसीआई और भारत सरकार का भी जमकर विरोध हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications