लंदन की सड़कों पर खुलेआम घूमना रोहित-विराट को पड़ा भारी, BCCI जल्द लेगी एक्शन
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम इंग्लैंड की सरजमीं पर कदम रख चुकी है।

नई दिल्ली: रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम इंग्लैंड की सरजमीं पर कदम रख चुकी है। भारत और इंग्लैंड के बीच 1 जुलाई से 17 जुलाई के बीच एक टेस्ट. 3 टी20 और 3 वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। आगामी टी20 वर्ल्ड कप से टीम इंडिया के लिए ये दौरा बहुत अहम माना जा रहा है। टीम इंडिया ने भी लीस्टशायर में ट्रेनिंग कैंप लगा दिया है तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। हालांकि, इस बीच सोशल मीडिया पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और पूर्व कप्तान विराट कोहली की कुछ तस्वीरें जमकर वायरल हो रही हैं।

बीसीसीआई ने जताई नाराजगी
दरअसल, रोहित और विराट लंदन की सड़कों पर घूमते नजर आए और इस दौरान उन्होंने फैंस के साथ फोटो भी क्लिक कराने से भी कोई परहेज नहीं किया। हैरान करने वाली बात ये रही कि इस दौरान दोनों ही खिलाड़ियों ने मास्क नहीं पहना हुआ था। बस फिर क्या था ये तस्वीरें देखकर बीसीसीआई (BCCI) का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। टीम के सीनियर खिलाड़ियों की इस हरकत से बोर्ड बहुत नाराज हैं।
बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल ने कहा कि इस मुद्दे पर खिलाड़ियों से बात की जाएगी। इनसाइड स्पोर्ट्स से बात करते हुए धूमल ने कहा, ''ब्रिटेन में कोरोना का खतरा कम हुआ है, लेकिन फिर भी खिलाड़ियों को सावधानी बरतनी चाहिए। हम टीम से जल्द बात करेंगे और कहेंगे कि इन बातों का थोड़ा ध्यान रखें।''

रोजाना आ रहे हैं 10 हजार मामले
बता दें कि, ब्रिटेन में कोविड-19 के रोजाना 10 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। मौजूदा समय में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है, इस दौरान कीवी खिलाड़ियों पर भी कोरोना की मार देखने को मिली। सीरीज के बीच में कप्तान केन विलियमसन, ओपनर डेवोन कॉनवे और टॉम लाथम कोविड पॉजिटिव पाए गए। टीम के प्रदर्शन पर भी इसका असर देखने को मिला और इंग्लैंड ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। न्यूजीलैंड टीम की स्थिति देखने के बाद बीसीसीआई टीम इंडिया के खिलाड़ियों से बिल्कुल भी लापरवाही की उम्मीद नहीं करेगा।

कोरोना की वजह से ही टला था पांचवां टेस्ट
याद दिला दें कि, पिछले साल भारत और इंग्लैंड के बीच पांचवां टेस्ट मैनचेस्टर में खेला जाने वाला था, लेकिन भारतीय खेमे में लगातार बढ़ते कोविड मामलों के कारण टेस्ट मैच को रद्द करना पड़ा और मैच के एक साल के लिए आगे बढ़ा दिया गया। अब ये मुकाबला 1 से 5 जुलाई से बीच एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। 5 मैचों की सीरीज में भारत फिलहाल 2-1 से आगे चल रहा है। ऐसे में एजबेस्टन टेस्ट अगर ड्रॉ रहा या टीम इंडिया जीतने में सफल रही, तो साल 2007 के बाद इंग्लैंड की धरती पर कोई टेस्ट सीरीज जीतेगी।

कोरोना की चपेट में आए आर अश्विन
इंग्लैंड सीरीज शुरू होने से पहले टीम के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन पहले से ही कोरोना की चपेट में आ गए हैं। अश्विन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है और वह फिलहाल क्वारेंटाइन में हैं। अश्विन ने अभी इंग्लैंड के लिए उड़ान भी नहीं भरी है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अश्विन सभी जरूरी प्रोटोकॉल पूरे करने के बाद ही इंग्लैंड की यात्रा करेंगे। अश्विन के लीस्टशायर के खिलाफ चार दिवसीय अभ्यास मैच से बाहर होने की संभावना है, लेकिन उनके टेस्ट के लिए उपलब्ध होने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications