बांग्लादेश ने फिर चली वही चाल, घटिया पिच पर मैच कराया, नीदरलैंड्स को बुरी तरह रौंदा
BAN vs NED: नीदरलैंड्स के खिलाफ पहले टी20 मैच में बांग्लादेश ने आसान जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त हासिल कर ली। तीन मैचों की इस सीरीज में अब नीदरलैंड्स का काम मुश्किल हो गया है। बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और नीदरलैंड्स के बल्लेबाजों को फंसाने का काम किया। नीदरलैंड्स के ओपनर बल्लेबाज विक्रमजीत सिंह को 4 रन के निजी स्कोर पर आउट कर वापस पवेलियन की राह दिखा डाली।

इसके बाद तेजा निदामनुरु कुछ देर के लिए क्रीज पर टिके और 26 रन बनाकर आउट हो गए। उनके अलावा मैक्स ऑडोउड ने 15 गेंदों में 23 रन बनाए। यहां से नीदरलैंड्स के बल्लेबाज धीमी पिच पर आउट होते चले गए और तेज बल्लेबाजी करने में नाकाम साबित हुए।
बांग्लादेश में आम तौर पर इसी तरह की विकेट बनाई जाती है। तुलनात्मक रूप से देखा जाए, तो अन्य दिनों की तुलना में आज विकेट थोड़ी ठीक थी लेकिन नीदरलैंड्स के बल्लेबाज फंसते चले गए और टीम 8 विकेट पर 136 का मामूली स्कोर ही हासिल कर पाई। बांग्लादेश के लिए तस्कीन अहमद ने सर्वाधिक 4 विकेट अपने नाम किये। उनके अलावा सैफ हसन को भी 2 विकेट हासिल हुए।
जवाबी पारी में खेलते हुए बांग्लादेश की शुरुआत भी खराब रही। ओपनर बल्लेबाज परवेज होसैन जल्दी आउट हो गए, वह सिर्फ 15 रन बना पाए। इसके बाद तंजीद हसन और लिटन दास ने मिलकर पारी को आगे बढाया और स्कोर 92 रनों तक लेकर गए। इस बीच तंजीद 29 के निजी स्कोर पर आउट होकर चले बने।
लिटन दास ने शानदार अंदाज में खेलते हुए फिफ्टी जमा डाली और वह अंत तक नाबाद रहे। उनके बल्ले से 29 गेंदों में 54 रनों की पारी आई। सैफ हसन ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए 19 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली। उनके बल्ले से 3 छक्के और 1 चौका आया। बांग्लादेश ने 14वें ओवर में 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications