बांग्लादेश के धांसू क्रिकेटर की पुलिस ने की पिटाई, गला पकड़कर चलाए डंडे, दुनिया भर में हो रही आलोचना
क्रिकेट के मैदान पर देश का गौरव बढ़ाने वाले एक राष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ आधी रात को बीच सड़क पर जो हुआ उसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। बांग्लादेश टेस्ट टीम के मुख्य स्पिनर नईम हसन ने चटगांव में लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसी के सदस्यों पर बेहद गंभीर और रोंगटे खड़े कर देने वाले आरोप लगाए हैं।
यह खौफनाक वाकया तब हुआ जब 26 वर्षीय ऑफ स्पिनर नईम हसन ढाका प्रीमियर लीग का मैच खत्म करके फ्लाइट से अपने गृहनगर चटगांव लौटे थे। वे हवाई अड्डे से सीएनजी ऑटो-रिक्शा के जरिए अपने घर की तरफ जा रहे थे कि तभी लालखान बाजार फ्लाईओवर के पास पुलिसकर्मियों ने उनका रास्ता रोक लिया।

गला पकड़कर खींच लिया गया
नईम हसन का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बिना कोई वजह बताए बेहद आक्रामक रुख अपना लिया और सीधे उनका गला और कॉलर पकड़कर उन्हें खींचने लगे। इस दौरान जब उन्होंने खुद के नेशनल क्रिकेटर होने की बात कही और अपना पहचान पत्र दिखाना का प्रयास किया तो पुलिसकर्मियों ने उनकी एक न सुनी।
थाने में भी बदसलूकी
पीड़ित खिलाड़ी ने बताया कि पुलिसकर्मियों और उनके मुखबिर ने उन्हें जबरन गाड़ी में ठूंस दिया और लाठियों व प्लास्टिक के पाइपों से अंधाधुंध पीटना शुरू कर दिया। इस बर्बरता के बाद उन्हें खुलशी थाने ले जाया गया जहां के प्रभारी अधिकारी ने भी उनके साथ बदसलूकी करते हुए आंखें नीचे करके बात करने को कहा।
सीनियर खिलाड़ियों ने जताया विरोध
इस घटना की खबर मिलते ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष तमीम इकबाल और मुशफिकुर रहीम जैसे सीनियर खिलाड़ियों ने गहरी नाराजगी जाहिर की है। क्रिकेट बोर्ड ने इसे राष्ट्रीय एथलीट के साथ बेहद अपमानजनक व्यवहार बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि नईम ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 300 से ज्यादा विकेट झटके हैं, टेस्ट में उनके नाम 48 विकेट हैं।
शुरुआती जांच के बाद एक्शन
बढ़ते आक्रोश को देखते हुए चटगांव पुलिस के आला अधिकारियों ने शुरुआती जांच में प्रक्रियात्मक खामियां पाते हुए एक सब-इनस्पेक्टर और कांस्टेबल समेत तीन कर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इस मामले में पीड़ित खिलाड़ी के परिवार की तरफ से अब अपहरण के प्रयास और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications