BAN vs PAK: पाकिस्तानी धुरंधर का अनोखा कारनामा, सालों पुराना रिकॉर्ड टूटा, 39 साल की उम्र में रचा इतिहास
BAN vs PAK Noman Ali 100 wickets: पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच ढाका में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया है, जिसे देखकर क्रिकेट पंडित हैरान हैं। पाकिस्तान के स्पिनर नोमान अली ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए हैं। हालांकि, यह रिकॉर्ड उनकी गेंदबाजी की धार से ज्यादा उनकी उम्र के कारण चर्चा में है।
130 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा (BAN vs PAK Noman Ali 100 wickets)
नोमान अब टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 100 विकेट लेने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। नोमान अली ने यह उपलब्धि 39 साल और 219 दिन की उम्र में हासिल की। आमतौर पर इस उम्र में खिलाड़ी संन्यास की योजना बनाते हैं, लेकिन नोमान ने अपनी मेहनत के दम पर यह रिकॉर्ड छुआ है। उन्होंने इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी बॉबी पील का 130 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

39 साल की उम्र में रचा इतिहास
बॉबी पील ने साल 1896 में 39 साल और 180 दिन की उम्र में अपने 100 टेस्ट विकेट पूरे किए थे। नोमान अली की इस सफलता में एक कड़वी सच्चाई यह भी है कि उन्हें यह मुकाम काफी पहले हासिल कर लेना चाहिए था। नोमान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहचान ही बहुत देर से मिली। उन्होंने साल 2021 में अपना टेस्ट डेब्यू किया था, तब उनकी उम्र 34 साल से ज्यादा थी।
बांग्लादेश के खिलाफ किया कमाल
पाकिस्तान के घरेलू क्रिकेट में सालों तक पसीना बहाने के बाद उन्हें नेशनल टीम का बुलावा आया। डेब्यू के बाद से वे लगातार टीम के मुख्य स्पिनर बने हुए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ चल रहे इस मुकाबले में नोमान ने कुल 4 विकेट चटकाए। पहली पारी में उन्होंने किफायती गेंदबाजी करते हुए 20 ओवर में 1 विकेट लिया। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने अधिक आक्रामकता दिखाई और 18 ओवरों में 3 महत्वपूर्ण विकेट झटककर बांग्लादेशी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। यह उनके करियर का 21वां टेस्ट मैच है।















Click it and Unblock the Notifications