'जब भी मेरी बारी आई, दुर्भाग्य ने मेरा पत्ता साफ कर दिया', कौन है ये 'भाग्य का मारा' भारतीय पेसर?
आईपीएल 2023 में दमदार प्रदर्शन करके ये बॉलर एक बार फिर से टीम इंडिया के दरवाजे खटखटाना चाहता है। इस बॉलर का मानना है अगर चोटों ने हाथ आए मौकों पर प्रहार ना किया होता तो स्थिति कुछ और हो सकती थी।

पिछले कुछ साल भारतीय क्रिकेट में तेज गेंदबाजी क्रांति के रहे हैं जहां पर भारतीय पेसरों ने पहली बार एक ताकत के तौर पर दुनिया में अपना डंका बजाया। इस समय भी भारत के पास उमरान मलिक जैसा तेज गेंदबाज है जो बहुत संभावनाएं रखता है। इन सब चीजों के बावजूद इन सबके बीच एक समय ऐसा भी आया जब भारतीय टीम अपने गेंदबाजों की चोटों से जूझती नजर आई और तब एंट्री हुई बाएं हाथ के तेज गेंदबाज थंगारासु नटराजन की। उनको ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इमरजेंसी कॉल के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बेहतर किया भी लेकिन बाद में ये गेंदबाज इंटरनेशनल लेवल तो क्या घरेलू क्रिकेट में भी सुनाई देना बंद हो गया। उनकी जगह पर नया यॉर्कर किंग अर्शदीप सिंह के तौर पर उभर गया।

टी नटराजन एक और वापसी की ओर देख रहे हैं
अब हालत ये है एक बार फिर भारतीय टीम पिछले कुछ समय से अपने स्टार तेज गेंदबाजों के बार-बार चोटिल होने से जूझ रही है और नटराजन एक और वापसी की ओर देख रहे हैं। वे एक बार फिर उसी आईपीएल को वापसी की सीढ़ी बनना चाहते हैं जहां के प्रदर्शन के दम पर उनको नेशनल कॉल आया था। नटराजन दुर्भाग्यपूर्ण चोटों के चलते कई बार साइडलाइन में रहे।
जैसे सनराइजर्स हैदराबाद ने ही उमरान मलिक को दिया है वैसे ही आईपीएल 2020 में इस टीम के लिए 16 विकेट झटकने के बाद 31 वर्षीय नटराजन ने धमाका किया था। हालांकि, 2021 में एक चोट ने उनके आईपीएल अभियान को पटरी से उतार दिया लेकिन फिर आईपीएल 2022 में गेंद के साथ ये बॉलर अपने फॉर्म पर था उस सीजन में 18 विकेट झटके।

दुर्भाग्य ने पीछा नहीं छोड़ा
पर दुर्भाग्य पीछा नहीं छोड़ रहा था क्योंकि उन्हें एक और चोट लगी जिसने टी20 विश्व कप टीम में जगह बनाने की उनकी उम्मीदों को खत्म कर दिया। वर्ना जिस वर्ल्ड कप में बुमराह जैसा यॉर्कर मास्टर चोट के चलते बाहर थे वहां पर नटराजन के लिए मौका बन सकता था। अब सब कुछ हाथ से निकलने के बाद दोबारा जीरो से शुरुआत करनी होगी जिसके लिए टी नटराजन आगामी आईपीएल के जरिए राष्ट्रीय टीम में मजबूत वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।

2022 में मेनिस्कस टियर हुआ
नटराजन ने स्पोर्टस्टार से कहा, "जब भी मैं लगभग टीम में अंदर आने पर होता हूं, तो मैं दुर्भाग्य का शिकार हो जाता हूं। उम्मीद है, ईश्वर की कृपा से, अगर मैं फिर से इस आईपीएल में अच्छा करता हूं, तो शायद मुझे इस साल मौका मिल जाएगा। मेरे लिए, आईपीएल मुख्य चीज रही है। जहां से मैं भारतीय टीम में आया था। इसलिए, अगर मैं पिछले साल की तरह आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करता हूं और चोटिल नहीं होता हूं, तो उम्मीद है कि मेरे नाम पर विचार किया जाएगा।"
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए नटराजन को 2022 में मेनिस्कस टियर हुआ था जो घुटने के जोड़ के बीच में लगी एक सख्त झिल्ली होती है। यह चोट जल्दी से ठीक नहीं होती क्योंकि वहां पर खून की सप्लाई नहीं होती जिसके चलते सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भाग लेने के बाद उनकी चोट बढ़ गई और अंततः 2022 के अंत में विजय हजारे ट्रॉफी के दौरान खुद को दरकिनार करना पड़ा।

प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूं
इस पीड़ा के बारे में बात करते हुए नटराजन ने बताया, "मुझे पिछले आईपीएल में घुटने की पुरानी चोट के साथ हल्का मेनिस्कस टियर हुआ था। मैंने एनसीए में ट्रेनिंग ली और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए पूरी तरह से तैयार हो गया और खेला। दुर्भाग्य से विजय हजारे ट्रॉफी के करीब आने पर ये चोट फिर से दिक्कत करने लगी, और कोचिंग स्टाफ ने मुझे आराम करने और पूरी तरह से मैच के लिए तैयार होने की सलाह दी। मैंने अपनी मानसिकता इस तरह तैयार की है कि मैं किसी भी स्तर पर गेंदबाजी कर सकता हूं। जिस पर स्थिति में टीम को मेरी क्षमता पर भरोसा है मैं वहीं पर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूं।"
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications