Asia Cup 2022: भारतीय टीम को लगा झटका, जडेजा के बाद यह गेंदबाज भी हो सकता है टूर्नामेंट से बाहर
एशिया कप 2022 में इन दिनों सुपर-4 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। सुपर-4 के पहले मैच में भारत को पाकिस्तान के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
नई दिल्ली, 6 सितंबर: एशिया कप 2022 में इन दिनों सुपर-4 के मुकाबले खेले जा रहे हैं। सुपर-4 के पहले मैच में भारत को पाकिस्तान के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं आज दूसरे मैंच में भारत का सामना श्रीलंका से होगा। इस मैच से पहले भारतीय टीम को एक और झटका लग सकता है। रवींद्र जडेजा के बाद अब तेज गेंदबाज आवेश खान भी टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं। दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक आवेश खान बीमार होने के कारण एशिया कप से बाहर हो सकते हैं। वह पिछले 5 दिनों से होटल से बाहर नहीं निकले हैं।

आज नहीं खेलेंगे चहल
एशिया कप में आज भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा। यह मैच भारत के लिए करो या मरो वाला है। इसके बाद टीम इंडिया 8 सितंबर को अफगानिस्तान से भिड़ेगी। रिपोर्ट के मुताबिक युजवेंद्र चहल आज होने वाले मैच का हिस्सा नहीं होंगे। चहल की जगह आर अश्विन को प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है। वहीं अगर आवेश खान एशिया कप 2022 से बाहर होते हैं तो दीपक चाहर या कुलदीप सेन को भारतीय स्क्वॉड में शामिल किया जाएगा। चाहर के आने से गेंदबाजी के साथ ही भारतीय बल्लेबाजी को भी मजबूती मिलेगी।

आवेश को वायरल फीवर
रिपोर्ट के मुताबिक आवेश खान वायरल फीवर से ग्रसित हैं, हालांकि अब उनकी सेहत में सुधार हो रहा है, लेकिन वह श्रीलंका के खिलाफ प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होंगे। इसके साथ ही अफगानिस्तान के खिलाफ उनके खेलने पर भी संशय बरकरार है। अगर भारत आज श्रीलंका को मात दे देती है तो उनके फाइनल में पहुंचने की संभावना बढ़ जाएगी। ऐसे स्थिति में अफगानिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम मैनेजमेंट कोई रिस्क नहीं लेते हुए अन्य गेंदबाज को टीम में शामिल करना चाहेगा।

चाहर हो सकते टीम में शामिल
बता दें कि टीम इंडिया के फिजियो का मानना है कि अगर आवेश खेलते हैं तो उनके इंजर्ड होने की संभावना बढ़ जाती है। वह फीवर के कारण काफी वीकनेस महसूस कर रहे हैं। ऐसे में उनके अचानक मैदान पर आने से चोटिल होने की आशंका है। हालांकि टीम मैनेजमेंट के कुछ लोग चाहते हैं कि आवेश मैदान पर उतरें। इस पर श्रीलंका के खिलाफ मैच के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा। भारतीय टीम में अभी तीन तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान और अर्शदीप सिंह हैं। चौथे तेज गेंदबाज के रूप में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को शामिल किया गया है। ये गेंदबाज अभी तक प्लेइंग 11 का हिस्सा रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ आवेश नहीं खेले थे, ऐसे में टीम को एक तेज गेंदबाज की कमी महसूस हुई थी। ऐसे में अगर आवेश फिट नहीं होते है तो रिजर्व प्लेयर दीपक चाहर को टीम में शामिल किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications