Explained: भारत-ऑस्ट्रेलिया सेमीफाइनल में खिलाड़ियों ने क्यों पहना काला आर्मबैंड?
Australia Women vs India Women: नवी मुंबई में खेले जा रहे महिला विश्व कप 2025 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एक भावुक नजारा देखने को मिला। हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम और एलिसा हीली की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम जब मैदान पर उतरीं, तो दोनों टीमों के खिलाड़ियों की बाजुओं पर काली पट्टियाँ नजर आईं। फैन्स यह जानना चाह रहे थे कि आखिर इसके पीछे की वजह क्या है।
दरअसल, दोनों टीमों ने यह काली पट्टी ऑस्ट्रेलिया के युवा क्रिकेटर बेन ऑस्टिन को श्रद्धांजलि देने के लिए बांधी थी। 17 साल के बेन ऑस्टिन की दुखद मौत मेलबर्न में एक नेट सेशन के दौरान हुई। गेंद लगने से उन्हें गंभीर चोट लगी थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे हेलमेट पहने हुए थे लेकिन उसमें स्टेम गार्ड नहीं था। इसी वजह से गेंद सीधा उनकी गर्दन के पास लगी और उनकी जान चली गई।

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट समुदाय इस घटना से बेहद सदमे में है। बेन के पिता, जेस ऑस्टिन, ने एक भावुक बयान जारी करते हुए कहा "हम अपने प्यारे बेटे बेन को खोकर तबाह हैं। वह न सिर्फ हमारा बेटा था बल्कि अपने भाइयों कूपर और ज़ैक के लिए एक आदर्श था। उसे क्रिकेट से बेहद प्यार था और वह अक्सर अपने दोस्तों के साथ नेट्स पर खेलने जाता था। यही उसका जुनून था और उसी जुनून ने आज हमें उससे दूर कर दिया।"
बेन ऑस्टिन की मौत ने क्रिकेट जगत को 2014 की दर्दनाक यादें फिर से ताज़ा कर दी हैं, जब ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज़ फिलिप ह्यूजेस की भी मैच के दौरान गेंद लगने से मौत हो गई थी।
इस दुखद हादसे ने एक बार फिर क्रिकेट सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि मैदान पर मुकाबला जारी है, लेकिन खिलाड़ियों के दिलों में बेन ऑस्टिन की यादें और उनके प्रति सम्मान स्पष्ट रूप से दिखा।












Click it and Unblock the Notifications