एशियन गेम्स के स्टेडियम में नहीं है ड्रेसिंग रूम, भारत सहित सभी टीमों की बढ़ी टेंशन, होटल को लेकर भी चिंता
एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट शुरू होने से पहले जापान से जुड़ी तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। निशिन शहर में जिस मैदान पर क्रिकेट मुकाबले खेले जाने हैं, उसे हाल ही में बेसबॉल ग्राउंड से क्रिकेट के लिए तैयार किया गया है। मैदान और खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर कई क्रिकेट टीमों ने चिंता जताई है। ऐसे में एशियन क्रिकेट काउंसिल अब पूरे इंतजाम का जायजा लेने की तैयारी में है।
क्रिकेट के लिए तैयार किए गए कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क की पिच को लेकर सबसे बड़ा सवाल उसके अनुभव और विश्वसनीयता पर है। यहां हाल ही में हाइब्रिड पिच तैयार की गई है लेकिन बड़े स्तर पर इसका ज्यादा इस्तेमाल नहीं हुआ है। मई में एक टूर्नामेंट की मेजबानी के अलावा मैदान को टेस्ट करने का मौका नहीं मिला है।

इस पिच में प्राकृतिक घास के साथ पॉलीएथिलीन फाइबर का इस्तेमाल किया गया है। मैदान को मार्च में क्रिकेट के लिए तैयार किया गया था। इसके बावजूद टीमों को यह चिंता है कि एशियन गेम्स जैसे बड़े टूर्नामेंट में पिच का व्यवहार कैसा रहेगा।
ड्रेसिंग रूम की सुविधा भी पूरी नहीं
सिर्फ पिच ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के लिए मैदान पर उपलब्ध सुविधाएं भी चिंता का विषय हैं। रिपोर्ट के मुताबिक कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में पारंपरिक और पर्याप्त ड्रेसिंग रूम मौजूद नहीं हैं। मैदान अभी भी अपने पुराने बेसबॉल ग्राउंड जैसा लग रहा है, पिचर का माउंड भी वहां मौजूद है।
मैदान में करीब 2000 दर्शकों के बैठने की क्षमता वाले अस्थायी स्टैंड लगाए गए हैं। मई में यहां ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्षेत्र का टी20 क्वालिफायर खेला जा चुका है, लेकिन एशियन गेम्स में आने वाली बड़ी टीमों के लिए मौजूदा सुविधाएं पर्याप्त हैं या नहीं, इसे लेकर सवाल बने हुए हैं।
पाकिस्तान ने सबसे पहले उठाया मुद्दा
इन व्यवस्थाओं को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने एशियन क्रिकेट काउंसिल की हालिया बैठक में अपनी चिंता सामने रखी थी। इसके बाद भारत समेत कई सदस्य देशों के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हुई। अब एसीसी के प्रतिनिधियों के मैदान और खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था का निरीक्षण करने की योजना है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी इस मामले को भारतीय ओलंपिक संघ और एशियन गेम्स की आयोजन समिति के सामने रखा है। भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से तकनीकी मामलों के लिए आयोजन समिति से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
होटल के छोटे कमरों ने बढ़ाई मुश्किल
खिलाड़ियों के लिए नागोया में की गई होटल व्यवस्था भी परेशानी का कारण बन सकती है। इस बार एशियन गेम्स में पारंपरिक एथलीट विलेज नहीं बनाया गया है। अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को होटल, गेम्स विलाज और एक लग्जरी क्रूज लाइनर में ठहराया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
