Ind vs Pak: पाकिस्तान को मिली इतिहास की सबसे शर्मनाक हार, कुलदीप यादव ने बल्लेबाजों की निकाली हेकड़ी!
Asia Cup 2023 India biggest win: एशिया कप के सुपरफोर मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत हासिल की है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 50 ओवर में 356 रन बनाए। 357 रनों का विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 32 ओवर में आठ विकेट पर 128 रन ही बना सकी। पाकिस्तान के अंतिम दो खिलाड़ी चोटिल होने के कारण बल्लेबाजी करने मैदान पर नहीं उतर सके।
228 रन से भारत को मिली जीत: भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ इतिहास की सबसे बड़ी जीत हासिल कर ली है। भारत ने इस मुकाबले में पाकिस्तान को 228 रनों से मात दी। वनडे क्रिकेट में रनों के लिहाज से ये भारत का पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने मीरपुर में पाकिस्तान के खिलाफ 2008 में 140 रनों की जीत दर्ज की थी। भारत ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए अब 228 रनों से पाकिस्तान को शिकस्त दे दी है।

कुलदीप ने किया कमाल: भारतीय टीम के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव गेंदबाजी में कमाल का प्रदर्शन करने में सफल रहे। कुलदीप ने 25 रन देकर पांच विकेट चटकाए। कुलदीप की गेंदों को पाकिस्तान के बल्लेबाज पढ़ने में नाकाम रहे और एक के बाद एक अपना विकेट गंवाते चले गए। कुलदीप यादव के अलावा भारत के लिए हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह और शार्दुल ठाकुर ने एक-एक विकेट लेने में कामयाबी हासिल की।
नंबर वन पर भारत: इस बड़ी जीत के साथ ही प्वाइंट्स टेबल में भारतीय टीम नंबर वन पर पहुंच गई है। एशिया कप में अब पाकिस्तान को फाइनल में जाने के लिए श्रीलंका के साथ होने वाले मैच को जीतना होगा। वहीं भारत की कोशिश आने वाले दोनों मुकाबलों में से किसी एक में जीत हासिल करने पर होगी।
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
पाकिस्तान: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान (उपकप्तान), फखर जमान, इमाम उल हक, आगा सलमान, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), फहीम अशरफ, नसीम शाह, शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ।












Click it and Unblock the Notifications