Asia Cup Final: '4 लाख का प्राइज मनी डोनेट करने वाले सिराज का पहला इनाम था 500 रु का', तंगहाली में गुजरा बचपन
India vs Sri Lanka, Mohammed Siraj: 17 सितंबर को टीम इंडिया ने एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका को 10 विकेट से हराकर जीत का नया इतिहास रचा है। भारत ने आठवीं बार यह खिताब जीता है। गौरतलब है कि टीम इंडिया ने फाइनल मैच में श्रीलंका को जिस तरह से हराया, उसकी कल्पना किसी ने भी नहीं की थी। आपको बता दें कि इससे पहले रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2018 में एशिया कप जीता था।

आज के मैच के हीरो रहे मोहम्मद सिराज, जिनकी छनछनाती गेंदों के आगे श्रीलंका के सारे बल्लेबाज चारों खाने चित्त नजर आए। मोहम्मद सिराज ने अपने वनडे करियर का बेस्ट प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट हासिल किया लेकिन खास बात ये रही कि उन्होंने चार विकेट अपने एक ही ओवर में लिए वो भी मात्र चार रन देकर, श्रीलंकाई समझ पाते कि उनके साथ क्या हो रहा है, इससे पहले विकेट की गिल्लियां उड़ गईं।
सिराज ने मैच के चौथे ओवर में ही मैच की पूरी गणित ही बदल दी
मोहम्मद सिराज ने मैच के चौथे ओवर में ही मैच की पूरी गणित ही बदल दी और जीत की ऐसी इबारत लिखी जिसे सदियों तक लोग भूल नहीं पाएंगे। आपको बता दें कि क्रिकेट के फलक पर चमकने वाले इस सितारे ने बड़ी ही संघर्ष के बाद ये मुकाम हासिल किया है।
तंगहाली में मोहम्मद सिराज का गुजरा बचपन
सिराज का बचपन बहुत गरीबी में बीता था, क्योंकि उनके पिता ऑटो ड्राइवर थे और उनकी मां घरों में काम किया करती थीं लेकिन आर्थिक तंगी के बावजूद सिराज के मम्मी-पापा दोनों ने अपने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को टूटने नहीं दिया और उसे आगे बढ़ने में यथाशक्ति मदद भी की।
आईपीएल ने बदली सिराज की जिंदगी
सिराज ने अपने कई इंटरव्यू में अपनी लाइफ के बारे में बताया है। सिराज ने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू 2015 में रणजी ट्रॉफी टूर्नामेंट में किया था लेकिन लाइफ ने टर्न तब लिया कि जब आईपीएल के दसवें सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 2.6 करोड़ में खरीदा था।
मामा ने दिया था पांच सौ रु का इनाम
लेकिन आज भी उनकी लाइफ में वो पांच सौ रु का इनाम काफी महत्वपूर्ण है, जो कि उन्होंने अपने मामा के कहने पर एक क्लब के लिए क्रिकेट मैच खेलने पर जीता था, जिसमें उन्होंने 20 रन देकर 9 विकेट लिए थे और उसके बाद उनके मामा ने उन्हें खुश होकर 500 रु का इनाम दिया था। सिराज ने अपने एक इंटरव्यू में ये बात बताते हुए कहा था 'उस वक्त वो खुशी क्या थी, उसे बयां कर पाना काफी मुश्किल है।'
नवंबर 2017 में टीम इंडिया में हुए शामिल
स्विंग के हीरो कहे जाने वाले मोहम्मद सिराज ने भारत के लिए पहला टी20 मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 नवंबर 2017 को खेला था। आपको बता दें कि आज के मैच के बाद सिराज ही सिराज सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। क्योंकि केवल खेल से ही नहीं सिराज ने आज लोगों का दिल भी जीता है।
ग्राउंड स्टाफ को डोनेट कर दिया प्राइज मनी
दरअसल आज सिराज को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब मिला तो उन्हें इनाम के तौर पर चार लाख रु मिले थे, जिसे उन्होंने ग्राउंड स्टाफ के नाम कर दिया। उन्होंने कहा कि इस प्राइज के असली हकदार ये लोग हैं,जिनकी वजह से एशिया कप संभव हो पाया। जिसके बाद तो सिराज को लेकर फैंस और क्रेजी हो गए हैं और इस वक्त सोशल मीडिया पर उनके लिए कमेंट्स की बाढ़ आई हुई है और लोग उनकी तारीफ करते थक नहीं रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications