Ashes 2023 3rd Test: इंग्लैंड एक और हार झेलने की स्थिति में नहीं, जानिए कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11
Ashes 2023: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एशेज 2023 का तीसरा टेस्ट मैच हेडिंग्ले में आज शुरू होने जा रहा है। बेन स्टोक्स एंड कंपनी को अगर एशेज जीतनी है तो ये उनके लिए करो या मरो का मैच होगा। इंग्लैंड पहले ही सीरीज के शुरुआती दोनों मैच गंवा चुका है।
अब इंग्लैंड की टीम एक और हार को झेलने की स्थिति में नहीं है। ऑस्ट्रेलिया ने दोनों मैच रोमांचक अंदाज में जीते हैं। सच यह है कि ये मैच किसी भी टीम के पक्ष में जा सकते थे। खासकर पहला टेस्ट तो मेहमान टीम ने इंग्लैंड के जबड़े से छीना था। दूसरे टेस्ट मैच में लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर दुनिया ने बेन स्टोक्स की क्लास फिर से देखी थी।

कुल मिलाकर इंग्लैंड हारा जरूर है लेकिन उनका मनोबल ऊंचा ही है। जॉनी बेयरस्टो के आउट होने को लेकर जो विवाद हुआ था, वह आज के टेस्ट मैच के लिए बढ़िया मसालेदार बैकग्राउंड तैयार कर चुका है। हेडिंग्ले में 25 एशेज मुकाबले हो चुके हैं जिसमें इंग्लैंड ने 8 और ऑस्ट्रेलिया ने 9 जीते हैं।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने तीसरे टेस्ट मैच के लिए कुछ अहम बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा चेंज जेम्स एंडरसन को बाहर करके किया गया है जो हैरतअंगेज ढंग से एशेज के दोनों टेस्ट मैचों में कोई असर छोड़ने में कामयाब नहीं रहे। 800 विकेट के मुहाने पर खड़े जिमी के लिए यह प्रदर्शन एक खतरे की घंटी है।
इसके अलावा जोश टोंग और ओली पोप भी नहीं होंगे। पोप के कंधे में चोट है और वे सीरीज से ही बाहर हो चुके हैं। क्रिस वॉक्स और मार्क वुड की वापसी से इंग्लैंड की तेज गेंदबाजी निश्चित तौर पर बेहतर होनी चाहिए। मोइन अली भी टीम में होंगे।
इस मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने अपनी टीम घोषित कर दी है। ऑस्ट्रेलिया की संभावित इलेवन ऐसी हो सकती है-
इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, हैरी ब्रूक, जो रूट, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), बेन स्टोक्स (कप्तान), मोइन अली, क्रिस वोक्स, ओली रॉबिन्सन, स्टुअर्ट ब्रॉड, मार्क वुड
ऑस्ट्रेलिया की संभावित 11: डेविड वार्नर, उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, कैमरून ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस (कप्तान), टॉड मर्फी , स्कॉट बोलैंड












Click it and Unblock the Notifications