579 करोड़ रुपये में मिला टीम इंडिया को नया जर्सी स्पॉन्सर, किस कंपनी ने किया ड्रीम इलेवन को रिप्लेस?
Indian Team Jersey Sponsor: ऑनलाइन गेमिंग कानून आने के बाद बीसीसीआई से ड्रीम इलेवन का करार समाप्त हो गया था। इसके बाद एशिया कप तक टीम इंडिया को जर्सी के लिए कोई नया प्रायोजक नहीं मिला था लेकिन अब नई डील हो गई है। भारी रकम में अनुबंध तय किया गया है।
गुरुग्राम स्थित टायर कंपनी अपोलो के साथ करार हुआ है, जिसकी मौजूदगी 100 से अधिक देशों में है। अपोलो ने कैनवा और जेके सीमेंट्स की चुनौती को पीछे छोड़ दिया। इन दोनों ने क्रमशः 544 करोड़ रुपये और 477 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी।

अपोलो ने इन दोनों से काफी आगे जाते हुए 579 करोड़ की बोली लगाई और बिड जीतकर टीम इंडिया की जर्सी की स्पॉन्सरशिप हासिल कर ली। प्रति गेम के हिसाब से भी यह डील काफी महंगी रही है और बीसीसीआई के ऊपर पैसों की बारिश होने वाली है।
हर मैच के हिसाब से मिलेगी बड़ी रकम
तीन कंपनियों की दौड़ में विजेता बनकर निकली अपोलो टायर्स के साथ बोर्ड ने तीन वर्षों के लिए करार किया है। इस दौरान 121 द्विपक्षीय मुकाबले और 21 आईसीसी मुकाबले शामिल होंगे। यह डील प्रति मैच लगभग 4.77 करोड़ रुपये की बनती है। हालांकि द्विपक्षीय और आईसीसी मैचों के मूल्य में अंतर हो सकता है।
कितना था प्रति मैच बेस प्राइस
बीसीसीआई की तरह से द्विपक्षीय मैचों के लिए 3.5 करोड़ बेस प्राइस तय की गई थी। दूसरी तरफ डेढ़ करोड़ रुपये आईसीसी इवेंट के मैचों के लिए तय किये गए थे लेकिन अब डील सामने आने के बाद बोर्ड को हर मैच में 1 करोड़ से ज्यादा की रकम हासिल हुई है, जो काफी अच्छा है।
अगली सीरीज में दिखेगा स्पॉन्सर
एशिया कप शुरू होने से पहले बोर्ड ने नया टेंडर जारी कर दिया था लेकिन सौदा तय नहीं हुआ था। बिड की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी थी। इस वजह से एशिया कप में भारतीय टीम की जर्सी पर कोई स्पॉन्सर देखने को नहीं मिला है। इस इवेंट के बाद जर्सी के ऊपर अपोलो का नाम आ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications