विराट-अनुष्का के ऑर्डर ने बचाया घाटे में चल रहा रेस्टोरेंट, कुछ घंटों में टूट पड़ी भीड़, बन गया करोड़ों का बिजनेस
मुंबई में एक छोटा-सा रेस्टोरेंट था, जहां बैठने के लिए सिर्फ 9 कुर्सियां थीं। कारोबार इतना खराब चल रहा था कि मालिक दुकान बंद करने का मन बना चुके थे। करीब 18 लाख रुपये का कर्ज चढ़ चुका था और रोज की बिक्री भी लगातार गिर रही थी। फिर एक दिन एक कॉमेडियन वहां चोले-भटूरे खाने पहुंचा। उसने इंस्टाग्राम पर रेस्टोरेंट की तारीफ कर दी। कुछ ही समय बाद वहां से ऐसा ऑर्डर आया, जिसने इस छोटे से कारोबार की कहानी ही बदल दी।
यह कहानी Delhi Se रेस्टोरेंट की है, जिसे दो भाई जसपाल सिंह खालसा और महिंदर सिंह खालसा ने 15 अक्टूबर 2021 को मुंबई के चेंबूर में शुरू किया था। इसका मकसद यह था कि मुंबई में भी दिल्ली के स्वाद वाले छोले भटूरे लोगों को मिले।

बंद होने वाला था रेस्टोरेंट, तभी हुई पहली बड़ी हलचल
शुरुआत के कुछ महीनों के बाद कारोबार कमजोर पड़ने लगा। जसपाल के मुताबिक जनवरी 2022 से बिक्री गिरने लगी और सितंबर तक करीब 18 लाख रुपये का कर्ज हो गया था। ऐसे में रेस्टोरेंट बंद करने की तैयारी शुरू हो गई थी।
इसी दौरान सितंबर 2022 में स्टैंड-अप कॉमेडियन अभिषेक उपमन्यु वहां पहुंचे और चोले-भटूरे खाए। इसके बाद उन्होंने इंस्टाग्राम पर Delhi Se की सिफारिश कर दी। मालिकों के मुताबिक 13 सितंबर को उपमन्यु वहां आए थे और अगले ही दिन रेस्टोरेंट में ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी। शुरुआत में भाइयों को यह भी नहीं पता था कि उपमन्यु कौन हैं। हालांकि असली बदलाव अभी बाकी थी।
अनुष्का शर्मा ने विराट के लिए मंगाए 2 प्लेट
मुंबई में अनुष्का शर्मा अपने पति विराट कोहली के लिए दिल्ली जैसे चोले-भटूरे तलाश रही थीं। उन्हें उपमन्यु की सिफारिश के जरिए Delhi Se के बारे में पता चला। इसके बाद विराट के घर से रेस्टोरेंट में दो प्लेट चोले-भटूरे का ऑर्डर आया। एक प्लेट की कीमत उस समय 120 रुपये थी। जसपाल को पहले लगा कि शायद कोई मजाक कर रहा है लेकिन 5 अक्टूबर 2022 को दोनों भाइयों ने चेंबूर से जुहू तक खाना पहुंचाया। इसके बाद अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर मुंबई में 'एकदम दिल्ली जैसे चोले-भटूरे' मिलने की बात शेयर की और अभिषेक उपमन्यु को इसका क्रेडिट दिया।
फिर हुआ एक जबरदस्त चमत्कार
मालिकों के मुताबिक अनुष्का की पोस्ट के बाद करीब आधे घंटे के भीतर बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचने लगे। कोई 6 प्लेट मांग रहा था तो कोई 10 प्लेट। समस्या यह थी कि नौ सीटों वाले छोटे से रेस्टोरेंट की रसोई इतनी बड़ी भीड़ के लिए तैयार नहीं थी। सामान कम पड़ने लगा तो आसपास रहने वाले लोगों से भी मदद ली गई। यहां तक कि कुछ लोगों से घर पर चने भिगोने के लिए कहा गया। कई ग्राहकों को दो-तीन प्लेट के लिए दो घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ा। मालिकों के मुताबिक पहले जहां रोज करीब 8 किलो छोले तैयार होते थे, वहीं तीन दिन में यह मात्रा 100 किलो तक पहुंच गई।
अब चार आउटलेट और रोज 3 हजार से ज्यादा प्लेट का दावा
आज Delhi Se के चेंबूर के अलावा मुलुंड, अंधेरी वेस्ट और वाशी में भी आउटलेट हैं। रेस्टोरेंट के मालिकों का दावा है कि चारों आउटलेट में रोज कुल 3000 से ज्यादा प्लेट चोले-भटूरे बिकते हैं। उनके मुताबिक रोज करीब 125 किलो चने भिगोए जाते हैं, जो पकने के बाद करीब एक टन तक पहुंच जाते हैं। कारोबार से जुड़ा उनका एक और दावा है कि मुश्किल दौर में 1-1.5 लाख रुपये की मासिक बिक्री से बढ़कर यह आंकड़ा करीब 2 करोड़ रुपये प्रति माह तक पहुंच गया है।


Click it and Unblock the Notifications
