कौन करेगा अजीत अगरकर को रिप्लेस? नया चीफ सेलेक्टर बनने की दौड़ में 2 नाम शामिल
भारतीय क्रिकेट में जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। टीम इंडिया की चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर का कार्यकाल अक्टूबर की शुरुआत में खत्म होने वाला है और अब उनके एक्सटेंशन को लेकर तस्वीर साफ होती नजर आ रही है। उनका कार्यकाल शायद आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक अगरकर को आगे एक्सटेंशन मिलने की संभावना कम है। उनकी जगह चीफ सेलेक्टर की जिम्मेदारी के लिए दो नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। अहम बात तो यह है कि वीवीएस लक्ष्मण इस रेस में नहीं हैं।

अगरकर की जगह कौन?
रिपोर्ट में बताया है कि पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल और मौजूदा चयन पैनल का हिस्सा प्रज्ञान ओझा चीफ सेलेक्टर की रेस में सबसे आगे हैं। दोनों ही भारत के लिए खेल चुके हैं और आईपीएल में भी लंबा अनुभव रखते हैं।
अगरकर ने जुलाई 2023 में चयन समिति के चेयरमैन का पद संभाला था। उनके कार्यकाल में भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी और 2026 टी20 वर्ल्ड कप जीता। ऐसे में उनका कार्यकाल भारतीय क्रिकेट के सफल दौर से जुड़ा रहा है।
रोहित शर्मा वाला मामला बना अहम कड़ी?
अगरकर के भविष्य को लेकर चर्चा के बीच रोहित शर्मा का मामला भी काफी अहम हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक चयनकर्ताओं ने रोहित को संकेत दिया था कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना में उनकी जगह को लेकर टीम मैनेजमेंट आगे बढ़ना चाहता है। इसके बाद सोशल मीडिया पर हंगामा बरपा और बीसीसीआई को आगे आना पड़ा था।
इसके बाद BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने रोहित के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि रोहित शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और सवाल किया था कि उनके भविष्य को लेकर इतनी चर्चा क्यों हो रही है। सैकिया ने यह भी स्पष्ट किया था कि उस समय अगरकर के कॉन्ट्रैक्ट एक्सटेंशन पर कोई चर्चा नहीं हुई थी।
नए सलेक्टर के सामने क्या चुनौती रहेगी?
अगरकर के बाद बदलाव होता है तो नए चीफ सेलेक्टर के सामने सबसे बड़ी चुनौती 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी होगी। ऐसे में चयन समिति का अगला फैसला सिर्फ एक पद पर बदलाव नहीं होगा, बल्कि आने वाले बड़े टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की दिशा तय करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
