Ajit Agarkar Love Story: 'फातिमा से शादी के लिए अगरकर ने तोड़ी थी धर्म की दीवार', दिलचस्प है प्रेम कहानी
Ajit Agarkar Love Story: बीसीसीआई को उसका नया चीफ सेलेक्टर मिल गया है, इस कुर्सी पर अब भारत के पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी अजीत अगरकर विराजमान हो गए हैं। इस बात की जानकारी मंगलवार को BCCI ने ट्वीट के जरिए लोगों को दी । जिसके बाद से अगरकर सोशल मीडिया पर आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं और उनके चाहने वाले उन्हें दिल खोलकर बधाईयां दे रहे हैं।

मालूम हो कि चीफ सेलेक्टर का पद पिछले पांच महीने से खाली था। पूर्व चेयरमैन चेतन शर्मा को 'स्टिंग ऑप्रेशन' की वजह से इस पद से इस्तीफा देना पड़ा था, जिसके बाद इस पद को कार्यवाहक के रूप में शिव सुंदर दास संभाल रहे थे। हालांकि पिछले कई दिनों से इस सीट के लिए अगरकर का नाम चर्चा में था और मंगलवार को उनके नाम पर मुहर लग गई।
मुस्लिम लड़की पर आया अगरकर का दिल
मालूम हो कि क्रिकेट की दुनिया में कई बार मैदान पर अपने हैरतअंगेज खेल से लोगों को चौंकाने वाले अजीत अगरकर ने असल जिंदगी में भी उस वक्त लोगों को हैरान कर दिया था, जब इन्होंने एक मुस्लिम लड़की से शादी करने का फैसला किया था। जी हां, 4 दिसंबर 1977 को मुंबई में जन्मे अजीत अगरकर को अपने अजीज मित्र और क्रिकेटर मजहर की बहन फातिमा गडियाल से मोहब्बत हो गई थी।
अगरकर के जिगरी दोस्त की बहन हैं फातिमा
बचपन का प्यार उम्र के साथ जवान होता चला गया लेकिन दोनों में से किसी ने भी अपने प्रेम को जाहिर नहीं किया था। अगरकर अक्सर मजहर के घर आते-जाते थे और फातिमा भी अपने भाई के साथ स्टेडियम में कई बार अगरकर के खेल का लुत्फ उठाती थी। दोनों में फिर दोस्ती हो गई और जल्द ही दोनों को एहसास हो गया कि दोनों एक-दूसरे को चाहते हैं लेकिन वो दौर अजीत के संघर्ष का था इसलिए उन्होंने फातिमा को प्रपोज नहीं किया।
दोनों के घरवाले शादी के लिए नहीं थे तैयार
लेकिन जब अगरकर ने साल 1998 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला, उसके बाद उन्होंने अपने दिल की बात फातिमा से कह दी और फातिमा ने भी उन्हें हां बोल दिया। लेकिन दोनों के घरवाले इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे, वजह थी धर्म।
अजीत अगरकर मराठी पंडित हैं
अगरकर मराठी पंडित हैं जबकि फातिमा मुस्लिम, ऐसे में दोनों को अपने घरवालों को मनाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी लेकिन दोनों के सच्चे इश्क के आगे दोनों परिवार को घुटने टेकने ही पड़े और फिर अजीत अगरकर और फातिमा ने साल 2002 में शादी कर ली है। दोनों को शादी से एक बेटा राज है। आपको बता दें कि अगरकर की पत्नी उनसे उम्र में दो साल बड़ी हैं।
ऐतिहासिक था लॉर्ड्स में अगरकर का शतक
अगर रिकॉर्ड की बात करें तो अगरकर ने भारत की तरफ से 26 टेस्ट, 191 वनडे और 4 टी-20 मैच खेले है। उन्होंने टेस्ट, वनडे और टी20 में क्रमश: 571 , 1269 और 15 रन बनाए है। जबकि टेस्ट में उन्होंने 58, वनडे में 288 और टी-20 में 3 विकेट लिए हैं। वैसे तो उन्होंने कई यादगार पारियां खेली हैं, लेकिन लॉर्ड्स के मैदान पर नंबर 8 पर बैटिंग करते हुए उन्होंने शतक जड़ा था, जो कि ऐतिहासिक था, जिसे आज तक कोई नहीं भूल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications