अजिंक्य रहाणे ने खोज लिया पैसे कमाने का जुगाड़, रिटायरमेंट के कुछ दिन बाद ही नई पारी शुरू
Ajinkya Rahane: क्रिकेट के मैदान पर करीब 18 साल बिताने के बाद अजिंक्य रहाणे अब एक नई भूमिका में नजर आने वाले हैं। हाल ही में उन्होंने अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी और अब एक बार फिर से गेम के साथ जुड़ने का फैसला लिया है, जिससे उनकी कमाई होने वाली है।
संन्यास के कुछ ही समय बाद पूर्व भारतीय कप्तान ने कमेंट्री की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया है। श्रीलंका के खिलाफ भारत की आगामी टेस्ट सीरीज में रहाणे पहली बार टेस्ट कमेंट्री करते दिखाई देंगे।

रिपोर्ट्स के अनुसार रहाणे को भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के कमेंट्री पैनल में शामिल किया गया है। सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से शुरू होगा और दोनों टीमों के बीच आखिरी टेस्ट 27 अगस्त तक खेला जाएगा।
अब टीवी पर होगी कवर ड्राइव-फ्लिक की बातें
रहाणे के लिए यह भूमिका इसलिए भी खास होगी क्योंकि उन्होंने अपने करियर का बड़ा हिस्सा टेस्ट क्रिकेट को दिया है। भारत के लिए 85 टेस्ट खेलने वाले इस बल्लेबाज ने 5,077 रन बनाए हैं। उनके नाम 12 शतक और 26 अर्धशतक दर्ज हैं। टेस्ट क्रिकेट की बारीकियां वह अच्छी तरह जानते हैं और उसे टीवी पर दर्शकों को बताने का यह बेहतरीन मौका आया है। पहले वह खेलते थे, अब उसी चीज को कमेंट्री से बताएंगे।
रहाणे ने भी इस नई शुरुआत को लेकर उत्साह जाहिर किया है। उनका मानना है कि टेस्ट क्रिकेट खेल के सबसे कठिन और खास प्रारूपों में से एक है। इतने वर्षों तक इसका हिस्सा रहने के बाद अब कमेंट्री बॉक्स से मैच को देखना उनके लिए एक अलग अनुभव होगा।
कितनी मिलेगी अजिंक्य रहाणे को फीस
कमेंट्री से कमाई की बात करें तो इस फील्ड में बड़े नामों को अच्छी फीस मिलती है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने एक बार कहा था कि अनुभवी कमेंटेटर को एक दिन की कमेंट्री के लिए करीब 6 से 10 लाख रुपये तक मिल सकते हैं। हालांकि यह किसी एक ब्रॉडकास्टर की तय फीस नहीं है और हर कमेंटेटर का कॉन्ट्रैक्ट अलग होता है। ऐसे में रहाणे को सोनी स्पोर्ट्स से कितनी रकम मिलेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


Click it and Unblock the Notifications
