AFG vs IRE: बारिश में धुला वर्ल्ड कप का एक और मैच, दोनों टीमों को मिले 1-1 अंक लेकिन...
AFG vs IRE, 25th Match, Super 12 Group 1, ICC Mens T20 World Cup 2022: आयरलैंड और अफगानिस्तान का मुकाबला बारिश के भेंट चढ़ गया है। मेलबर्न में झमाझम बारिश होने की वजह से इस मुकाबले को रद्द कर दिया गया है। मुकाबला रद्द होने के कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक बांट दिए गए हैं। लेकिन इससे ग्रुप एक के समीकरण और दूसरी टीमों पर गहरा असर पड़ सकता है।

दूसरे नंबर पर पहुंची आयरलैंड की टीम
मेलबर्न में लगातार बारिश के कारण अंपायर ने इस मैच को रद्द करने का फैसला किया। लंबे इंतजार के बाद मैदानी अंपायर्स ने भारतीय समयानुसार 11:05 बजे मुकाबला रद्द करने का फैसला लिया। मैच धुलने से आयरलैंड को फिलहाल फायदा हुआ है। आयरलैंड के 3 मैच में 3 अंक हो गए हैं। वह सुपर-12 ग्रुप 1 की पॉइंट्स टेबल में अब दूसरे नंबर पर पहुंच गया है।
मुकाबले में टॉस भी नहीं हो सका
मेलबर्न में बारिश के कारण इस मुकाबले का टॉस भी नहीं किया जा सका। इसी मैदान पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को भी अपना अगला मुकाबला खेलना है। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दोनों ही टीम के लिए इस मुकाबले को जीतना जरूरी है। इंग्लैंड को पहले मैच में आयरलैंड तो ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड से हार का सामना करना पड़ा था। लिहाजा दोनों टीमों के लिए इस मुकाबले को जीतना बेहद जरूरी है।
अफगानिस्तान की बढ़ी मुश्किलें
अफगानिस्तान का यह तीसरा मैच था। वर्ल्ड कप में अभी तक अफगानिस्तान एक भी मैच नहीं जीत सकी है। टीम को अपने पहले मैच में इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। जबकि न्यूजीलैंड और आयरलैंड के खिलाफ बारिश के कारण मैच रद्द होने की वजह से टीम को एक-एक अंक दिए गए। ऐसे में अफगानिस्तान की टीम अब तीन मैचों में दो अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर मौजूद है।












Click it and Unblock the Notifications