AFG vs PAK: अफगानिस्तान ने रचा इतिहास, अंतिम ओवर में मैच जीतकर पाकिस्तान को सीरीज में हराया
AFG vs PAK: अफगानिस्तान ने अंतिम ओवर में मैच जीतकर इतिहास रच दिया, सीरीज में एक मुकाबला बचा हुआ है।

AFG vs PAK: अफगानिस्तान ने रविवार को शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले को जीतकर इतिहास रच दिया। अफगानिस्तान ने इस मुकाबले को 7 विकेट से जीतकर सीरीज में 2-0 की विजयी बढ़त हासिल कर ली। पहली बार अफगानिस्तान ने पाकिस्तान को सीरीज हरा दी। तीन मैचों की सीरीज में एक मुकाबला और बचा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 6 विकेट पर 130 रनों का स्कोर खड़ा किया। जवाबी पारी में खेलते हुए अफगानिस्तान की टीम ने एक गेंद शेष रहते 3 विकेट पर 133 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया।
पाकिस्तान के कप्तान शादाब खान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। यह फैसला गलत साबित हुआ। ओपनर बल्लेबाज सैम अयूब बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उनके बाद अब्दुलाह शफीक भी बिना खाता खोले चलते बने। शफीक चार बार लगातार जीरो पर आउट होने का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर गए। मोहम्मद हारिस और तैयब ताहिर भी ज्यादा देर नहीं टिके। दोनों क्रमशः 15 और 13 के निजी स्कोर पर चलते बने। उनके बाद आजम खान 1 रन बनाकर चलते बने। मुश्किल परिस्थिति में इमाद वसीम और शादाब खान ने पारी को संभाला। इमाद वसीम ने 57 गेंदों में नाबाद 64 रन बनाए। शादाब खान 24 रन बनाकर रन आउट हो गए। इस तरह पाकिस्तान का स्कोर 6 विकेट पर 130 तक पहुंचा। फजलहक फारुखी ने अफगानिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट झटके।
जवाब में खेलते हुए अफगानिस्तान की खराब शुरुआत रही। ओपनर उस्मान गनी 7 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान ने मिलकर पारी को धीमी गति से आगे बढ़ाया। दूसरा विकेट गुरबाज के रूप में कुल 86 रनों पर गिरा। वह 49 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हो गए। कुछ देर बाद जादरान भी 38 के निजी स्कोर पर चलते बने। यहां से मोहम्मद नबी और नजीबुल्लाह जादरान ने मोर्चा संभाला। अंतिम दो ओवर में पाकिस्तान को जीतने के लिए 22 रन चाहिए थे। अफगानिस्तान के बल्लेबाजों ने उन्नीसवें ओवर में नसीम शाह को 17 रन जड़े। अंतिम ओवर में जरूरी 5 रन बनाकर अफगानिस्तान ने इतिहास रच दिया। नजीबुल्लाह ने नाबाद 23 और नबी ने नाबाद 14 रन बनाए। जमान खान और इसानुल्लाह ने पाकिस्तान के लिए 1-1 विकेट हासिल किया।












Click it and Unblock the Notifications