'क्या पृथ्वी शॉ को दोबारा मौका मिलेगा?' आकाश चोपड़ा ने PBKS के खिलाफ मैच से पहले DC के थिंक टैंक से किया सवाल
आकाश चोपड़ा ने पंजाब के खिलाफ मैच से पहले दिल्ली कैपिटल्स से कहा कि, आप वर्तमान में ऐसी स्थिति में हैं, जहां जो चाहें कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने सवाल किया कि, क्या पृथ्वी शॉ को दोबारा मौका मिलेगा?

IPL 2023: आईपीएल का 16वां सीजन दिल्ली कैपिटल्स के लिए बेहद ही निराशाजनक रहा है। दिल्ली के खराब प्रदर्शन की सबसे बड़ी वजह टीम की बल्लेबाजी रही है और इस लिस्ट में सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ का नाम सबसे ऊपर आता है। हालांकि, मैच के बाहर होने के बाद भी टीम की स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखा। ऐसे में भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुकाबले से पहले दिल्ली कैपिटल्स (DC) के थिंक टैंक से उनके गेम प्लान के बारे में सवाल किया है।
दरअसल, आईपीएल का 64वां मैच आज, 17 मई को दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम (धर्मशाला) में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस सीजन दूसरी बार एक दूसरे का सामना करने जा रही हैं। इससे पहले मैच में पीबीकेएस ने 31 रनों से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया था।
वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए ये मुकाबला महज एक औपचारिकता मात्र है, क्योंकि आईपीएल 2023 टूर्नामेंट से बाहर होने वाली डीसी पहली टीम बन चुकी है। इस बीच आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड किए गए वीडियो में सवाल करते हुए कहा कि, 'क्या दिल्ली सरफराज खान और यश ढुल जैसे खिलाड़ियों को मौका देगी।' इसके अलावा, उन्होंने थिंक टैंक से सवाल किया कि क्या 'बड़े खिलाड़ियों' को आराम देकर आउट ऑफ फॉर्म पृथ्वी शॉ को सेटअप में चुना जाएगा।'
उन्होंने कहा कि, 'दिल्ली का ध्यान इस बात पर होगा कि दिल्ली क्या करेगी? क्या दिल्ली अपने बड़े-बड़े खिलाड़ियों को आराम देगी और भारतीयों के साथ खेलेगी? क्या पृथ्वी शॉ को दोबारा मौका मिलेगा? क्या सरफराज खान या यश ढुल को मौका मिलेगा?
दरअसल, इस सीजन पृथ्वी शॉ ने अब तक 6 मैच खेले और उन्होंने टीम के लिए कोई बड़ा स्कोर नहीं किया। इस दौरान उन्होंने 13, 12, 7, 0, 15 और 0 का स्कोर बनाया है। हर मुकाबले में उन्हें संघर्ष करते हुए देखा गया। उन्होंने 6 मैचों में सिर्फ 40 गेंद खेलकर 47 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 117 का रहा है, जोकि आईपीएल में ये उनका अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन भी है।
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि क्या आप मिचेल मार्श या रिले रोसौव को छोड़ सकते हैं? आप यश ढुल के साथ खेल सकते हैं, आप सरफराज के साथ खेल सकते हैं, मेरा मतलब है, आप जो चाहें कोशिश कर सकते हैं क्योंकि दिल्ली ने खुद को ऐसी स्थिति पहुंचा दिया है।' दिल्ली कैपिटल्स की टीम आठ अंकों के साथ दसवें यानी आखिरी स्थान पर है। दिल्ली अपने अगले मैच में पंजाब से खेलेगी और शनिवार 20 मई को सीएसके के खिलाफ अपने अभियान का समापन करेगी।












Click it and Unblock the Notifications