T20 World Cup जीतना है, तो इन स्पिनर्स को देना होगा चांस.. आकाश चोपड़ा ने सुझाए नाम
ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है।
नई दिल्ली, 14 अगस्त: ऑस्ट्रेलिया में खेले जाने वाले आगामी टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। पिछले साल यूएई में हुए टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा था और टीम पहले ही राउंड से बाहर हो गई थी। हालांकि, इस बार रोहित एंड कंपनी को कम नहीं आंका जा सकता। इसी बीच आकाश चोपड़ा ने उन स्पिनर्स का नाम बताया है, जो वर्ल्ड कप में टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं।

चहल की खली थी कमी, लेकिन इस बार..
पूर्व भारतीय टेस्ट ओपनर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि पिछले वर्ल्ड कप में भारत को युजवेंद्र चहल की कमी खली थी। आकाश के अनुसार, ''चहल का नाम पिछले साल की टी20 वर्ल्ड कप टीम में होना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका था। आप सभी के साथ मैं भी हैरान था। यह मेरे लिए चौंकाने वाला था। टीम नॉकआउट राउंड से पहले ही बाहर हो गई। ऐसे में इस बार वर्ल्ड कप में चहल का खेलना जरूरी है।''
उन्होंने आगे कहा, ''चहल ने पिछले टी20 वर्ल्ड के बाद से टी20 इंटरनेशनल के 13 मैचों में 18.6 के औसत के साथ 16 विकेट लिए हैं। यह रिकॉर्ड बताता है कि वे टीम के बेहतरीन गेंदबाजों में से एक हैं।''

IPL में भी बने बॉस
चोपड़ा ने आगे कहा, ''चहल ने आईपीएल के 17 मैचों में 27 विकेट लिए। इसमें शुरुआती मैचों में एक हैट्रिक भी शामिल है। इस बात में कोई शक नहीं है कि भारत के पास जो वास्तविक विकेट लेने वाला गेंदबाज है, वह चहल ही है।''
आकाश के मुताबिक, ''जब आप स्पिनर्स को मौका देते हैं, तो उन्हें विकेट लेने के अलावा कई बार रन रोकने की जिम्मेदारी भी दी जाती है।''

कुलदीप को मिलेगा मौका
आकाश चोपड़ा ने अपने वीडियो में आगे रवि बिश्नोई की जगह कुलदीप यादव को चुनने की बात कही। उन्होंने कहा, ''कुलदीप यादव ने पिछले साल के टी20 वर्ल्ड कप के बाद से सिर्फ 2 मैच खेले हैं और 3 विकेट लिए हैं, लेकिन आईपीएल में उन्होंने 14 मैचों में 21 विकेट झटके। यदि आप विकेट लेने वाले गेंदबाज की तलाश कर रहे हैं, तो आपको विविधताओं वाले गेंदबाज के लिए जाना चाहिए। अगर रवि बिश्नोई और कुलदीप के बीच कोई रेस होती है, तो मैं कुलदीप को मौका देना चाहूंगा।''

कुल्चा की जोड़ी नंबर-1
भारत की ओर से 10 टेस्ट खेलने वाले आकाश चोपड़ा का ऐसा कहना है कि कुल्चा की जोड़ी ही टीम इंडिया को लगातार विकेट दिला सकती है। उनके मुताबिक, ''आर अश्विन, रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल के रिकॉर्ड बताते हैं कि वे आपको 2 मैच में एक या 3 मैच में 2 विकेट दे सकते हैं। यानी आप विकेट के लिए उन पर निर्भर नहीं हो सकते। आपको चहल, बिश्नोई और कुलदीप ही लगातार विकेट दिला सकते हैं।''












Click it and Unblock the Notifications