वर्ल्ड कप के लिए शार्दुल ठाकुर की टीम इंडिया में जगह पक्की? पूर्व दिग्गज ने ऑलराउंडर को लेकर किया बड़ा दावा
ICC Men's Cricket World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 का आगाज 5 अक्टूबर से होना है और फाइनल मैच 19 नवंबर को खेला जाएगा, लेकिन भारतीय टीम ने अभी तक अपने सर्वश्रेष्ठ संभावित 15 खिलाड़ियों का चयन नहीं किया है। इस बीच पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने टीम में शार्दुल ठाकुर की जगह को लेकर बड़ा दावा किया है।
भारत के पूर्व बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा है कि तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की 2023 वनडे विश्व कप टीम में जगह बनाने की पूरी संभावना है। अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड वीडियो में चोपड़ा ने विश्व कप के लिए चार तेज गेंदबाजों के रूप में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और ठाकुर का नाम लिया।

आकाश चोपड़ा ने बताया ये चार गेंदबाज हो सकते हैं टीम का हिस्सा
उन्होंने कहा कि, 'अभी तो ऐसा ही लग रहा है। उन्होंने काफी विकेट चटकाए हैं। चोपड़ा ने कहा कि, 'बुमराह, सिराज, शमी और शार्दुल ठाकुर- मुझे लगता है कि ये चार तेज गेंदबाज विश्व कप में भारत के 15 सदस्यीय टीम का हिस्सा होंगे।'
चोपड़ा ने अपनी वर्ल्ड कप टीम में शार्दुल को किया शामिल
चोपड़ा ने का कि, 'शार्दुल से आपको बल्लेबाजी और विकेट दोनों ही मिलेंगे। वह फुल, शॉर्ट या वाइड गेंदबाजी कर सकते हैं, लेकिन वह जो भी गेंदबाजी करते हैं, विकेट लेते हैं। हम सब लॉर्ड ठाकुर को प्रणाम करते हैं। चोपड़ा ने कहा, 'मेरी टीम में लॉर्ड के होने की बेहद उज्ज्वल संभावनाएं हैं।'
चोपड़ा ने कहा कि भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में आठवें नंबर के लिए किसी ऑलराउंडर को नहीं चुना। पांच मैचों की सीरीज के पहले तीन मैचों के बाद भारत फिलहाल वेस्टइंडीज से 1-2 से पीछे है।
चोपड़ा ने आगे कहा कि, 'ऐसा लगता है जैसे यह जानबूझकर किया गया था। बिना उद्देश्य के कुछ भी नहीं होता। मुझे लगता है कि यह लापरवाही का मामला है, कि आपने रवींद्र जडेजा या शार्दुल ठाकुर को नहीं रखा, दीपक चाहर शायद अनुपलब्ध थे और आपने वाशिंगटन सुंदर के बारे में नहीं सोचा।'
शार्दुल ठाकुर का वनडे करियर
दरअसल, शार्दुल ठाकुर ने भारत के लिए 38 वनडे मैचों में 58 विकेट लिए हैं। इसके अलावा उन्होंने वनडे में 38 मैचों में 18.52 की औसत से 315 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications