आकाश चोपड़ा ने कहा- भुवनेश्वर कुमार को ODI और T20 में अब जल्द मौका नहीं मिलेगा
नई दिल्लीः भारत के पूर्व ओपनर आकाश चोपड़ा को लगता है कि भुवनेश्वर कुमार पिछले 18 महीनों से पूरी तरह से फिट नहीं दिख रहे और ये मुश्किल है कि वे आने वाले समय में भारतीय टीम में दिखाई दें।
भुवनेश्वर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की सीरीज में बहुत खराब बॉलिंग की और उनको तीसरे मुकाबले से ड्रॉप कर दिया गया। भारत हालांकि तीसरा मैच भी हार गया।

भुवनेश्वर के साथ दिक्कत यह रही कि वे ना तो नई गेंद से बल्लेबाजों को तंग करने में कामयाब रहे और ना ही पुरानी गेंद से कोई जलवा दिखा पाए।
भुवनेश्वर कुमार ने पिछले दो वर्षों में 7 एकदिवसीय मैचों में सिर्फ 9 विकेट लिए हैं, जबकि उनका टी20 प्रदर्शन भी अच्छा नहीं रहा है। 2019 की शुरुआत के बाद से 21 T20I में, उन्होंने 7 रन प्रति ओवर से अधिक की इकॉनमी रेट से सिर्फ 20 विकेट लिए हैं। चोट 31 वर्षीय तेज गेंदबाज ने हाल के दिनों में बड़ा निराश किया है।
कहीं ना कहीं ये भी सच है कि भारतीय क्रिकेट आज भी पुराने रुतबे के आधार पर चयन करता है वर्ना क्रिकेट की समझ रखने वाला कोई भी इंसान यह समझ सकता है कि भुवनेश्वर जैसे बॉलर की आज की मारकाट वाली क्रिकेट में जगह ही नहीं बची है। उनके पास ना गति है और ना ही पहले वाली मारक स्विंग। भुवनेश्वर हमेशा से नई गेंद के ही बॉलर थे लेकिन यह हुनर भी अब गायब है।
भुवनेश्वर जैसी बॉलिंग करने वाले दीपक चाहर ने तीसरे वनडे में 54 रनों की आतिशी पारी खेलकर भारत को जीत के मुहाने पर ला दिया था। वे फिलहाल हर लेवल पर भुवनेश्वर की तुलना में बेहतर विकल्प दिखते हैं। आकाश चोपड़ा का कहना है कि दीपक चाहर का प्रदर्शन कैसा भी हो लेकिन सच तो यह है कि यहां बात भुवनेश्वर की हो रही है और उनको वाकई एक ब्रेक की जरूरत है।
चोपड़ा साफ कहते हैं कि वे निकट भविष्य में भी सफेद गेंद क्रिकेट में भुवनेश्वर कुमार को खेलता हुआ नहीं देखते हैं। चाहे फिर यह वनडे मैच हों या टी20 मुकाबले।












Click it and Unblock the Notifications