क्या वॉशिंगटन सुंदर की World Cup 2023 में हो सकती है वाइल्डकार्ड एंट्री? पूर्व दिग्गज ने किया बड़ा दावा
Ireland vs India, 3rd T20I: इंडिया और आयरलैंड के बीच आज तीन मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच ये मैच डबलिन के द विलेज में खेला जाएगा। इस बीच आकाश चोपड़ा का मानना है कि वाशिंगटन सुंदर अगर 23 अगस्त को आयरलैंड के खिलाफ अंतिम टी20 मैच में अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें भारत की विश्व कप टीम में वाइल्डकार्ड एंट्री मिल सकती है।
दरअसल, सुंदर को पहले दो टी20I में कोई विकेट नहीं मिला और उन्हें सिर्फ एक गेंद का सामना करने को मिला। स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर को भारत की एशिया कप टीम में नहीं चुना गया है। अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किए गए एक वीडियो में चोपड़ा ने सुंदर के लिए तीसरा टी-20 मैच कितना महत्वपूर्ण है इस पर चर्चा की है।

चोपड़ा ने कहा कि, 'वाशिंगटन सुंदर को काफी हद तक नजरअंदाज किया गया। उन्हें एशिया कप के लिए नहीं चुना गया है। वह चर्चा का विषय थे, लेकिन टीम में कोई ऑफ स्पिनर नहीं है। इसलिए यह एक बदलाव हो सकता है, वाइल्डकार्ड एंट्री हो सकती है।'
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज को लगता है कि अगर सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन करें तो वह एक आकर्षक विकल्प बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि, 'अगर वह अपनी ऑफ-स्पिन से विकेट लेते हैं और जब भी उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका मिलता है तो रन बनाते हैं, हालांकि उन्हें यहां बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिल सकता है, अगर यह सब होता है, तो वाशिंगटन सुंदर एक आकर्षक विकल्प हैं।
चोपड़ा ने इस बात का भी जिक्र किया कि भारतीय टीम जब भी विपक्षी टीम में कई बाएं हाथ के बल्लेबाजों से भिड़ेगी तो वह ऑफ स्पिनरों की तलाश करेगी। उन्होंने बताया कि मेन इन ब्लू शायद ही कभी बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ बाएं हाथ के स्पिनरों का उपयोग करते हैं, भले ही कप्तान कोई भी हो।
आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि, 'क्या मैं प्लेइंग इलेवन में बदलाव की उम्मीद कर रहा हूं, क्योंकि हम (सीरीज) जीत चुके हैं? आपको कुछ भी क्यों बदलना चाहिए? मुझे लगता है कि उन्हें बदलाव नहीं करना चाहिए। उसी टीम के साथ खेलें क्योंकि इस टी20 के बाद अगला टी20 होगा विश्व कप के बाद ढाई महीने बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेंगे।'












Click it and Unblock the Notifications