आकाश चोपड़ा ने की यशस्वी जायसवाल, रिंकू सिंह के लिए बड़ी भविष्यवाणी, '90 दिन में हो जाएगा टीम में बदलाव'
भारत के पूर्व क्रिकेटर और मौजूदा समय में क्रिकेट विश्लेषक आकाश चोपड़ा ने कहा कि आने वाले 90 दिनों में ही भारतीय क्रिकेट में बदलाव देखने के लिए मिलेगा।

IPL 2023 in Hindi: आईपीएल 2023 में जिस तरह से यशस्वी जायसवाल (Yashasvi jaiswal) और रिंकू सिंह (Rinku Singh) खेल रहे हैं, आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट टीम में उनकी जगह पक्की होनी चाहिए। ऐसा आकाश चोपड़ा (Aakash Chopra) समेत कई पूर्व क्रिकेटरों और विश्लेषकों का मानना है।
आकाश चोपड़ा का तो यह भी कहना है कि निकट भविष्य में रोहित शर्मा, विराट कोहली और केएल राहुल जैसे खिलाड़ी भारतीय टीम के T20 परिदृश्य से गायब होते जाएंगे।
यह साल वनडे वर्ल्ड कप का है जिसके चलते T20 क्रिकेट कम ही खेला जाएगा लेकिन जितना खेला जाएगा उसमें आप कोहली, रोहित और राहुल को खेलते हुए नहीं देखेंगे। ऐसा आकाश चोपड़ा का मानना है। आकाश चोपड़ा ने जियो सिनेमा पर बात करते हुए कहा, "मुझे लगता है अगले 90 दिनों में चीजें बदलेंगी।"
केएल राहुल जहां इस समय चोटिल है तो वहीं रोहित शर्मा अब T20 के खिलाड़ी नहीं दिखाई देते हैं। विराट कोहली रन बना रहे हैं लेकिन वह एंकर के नए रोल में तब्दील होते गए हैं। ऐसे में जब भारत के पास जबरदस्त अटैकिंग अप्रोच दिखाने वाले यशस्वी जायसवाल और रिंकू सिंह जैसे बल्लेबाज हैं तो इन पुराने खिलाड़ियों की ओर ना देखना ही शायद उचित होगा।
आकाश चोपड़ा का मानना है कि यह रिंकू सिंह और यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी ना केवल T20 बल्कि ओवरऑल क्रिकेट में भी भारतीय टीम के भविष्य हो सकते हैं। चोपड़ा कहते हैं, "मुझे लगता है कि यशस्वी जायसवाल अगले 90 दिनों में भारतीय टीम में होंगे। दूसरे खिलाड़ी रिंकू सिंह हैं जिनको गंभीरता से लेना चाहिए।"
"याद रखिए यह दोनों खिलाड़ी केवल टी20 के नहीं है। रिंकू का फर्स्ट क्लास एवरेज 60 का है और यशस्वी जायसवाल ने भी अपने छोटे से डोमेस्टिक करियर में 1000 से ज्यादा रन बनाए हैं। ये लोग बाकी फॉर्मेट में भी परफॉर्म कर रहे हैं।"












Click it and Unblock the Notifications