25 की उम्र में क्रिकेटर ने लिया संन्यास, सिर्फ 4 मैच खेले थे, कौन है यह खिलाड़ी जिसने दुखी होकर लिया रिटायरमेंट
John Turner: इंग्लैंड क्रिकेट से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने फैंस को हैरान कर दिया है। जिस खिलाड़ी को भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा था, उसने बेहद कम उम्र में अपने करियर पर विराम लगाने का फैसला कर लिया। 25 की उम्र में रिटायरमेंट लेकर हर किसी को हैरान कर दिया है।
इस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व किया था, लेकिन अब उसने ऐसा कदम उठाया है जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। जॉन टर्नर ने पेशेवर क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। इस फैसले के पीछे का कारण भी सामने आया है।

पिछले एक साल से चोट के कारण मैदान से दूर चल रहे टर्नर ने कहा कि लगातार फिटनेस समस्याओं ने उन्हें अपने भविष्य के बारे में गंभीर फैसला लेने के लिए मजबूर किया। पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से वह लंबे समय तक क्रिकेट से बाहर रहे। इसके बाद ही उन्होंने रिटायरमेंट लेने की घोषणा कर दी।
जॉन टर्नर ने 2024 में इंग्लैंड की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। वेस्टइंडीज दौरे पर उन्हें दो वनडे और दो टी20 मैच खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए। घरेलू क्रिकेट में भी उनकी पहचान एक तेज और प्रभावी गेंदबाज के रूप में बन रही थी, लेकिन चोटों ने उनके करियर की रफ्तार रोक दी।
एक साल से मैदान से थे दूर
पिछले एक साल से वह खेल से दूर थे, चोट से इतनी परेशानी को देखते हुए उन्होंने अपने भविष्य का फैसला ले लिया और गेम से दूर जाना उचित समझा। अपने संन्यास की घोषणा करते हुए टर्नर ने कहा कि इंग्लैंड और हैम्पशायर के लिए खेलना उनके बचपन का सपना था, जिसे उन्होंने जीकर देखा।
हैम्पशायर के साथ पांच साल का सफर
जॉन टर्नर 2021 में सफल ट्रायल के बाद हैम्पशायर से जुड़े थे। इस दौरान उन्होंने टीम की कई अहम जीत में योगदान दिया। उनकी मौजूदगी में हैम्पशायर चार बार टी20 फाइनल्स डे तक पहुंचा, काउंटी चैंपियनशिप में शीर्ष टीमों में शामिल रहा और वनडे कप के दो फाइनल भी खेले।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले। हैम्पशायर के लिए उन्होंने सिर्फ सात प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले। 2025 की शुरुआत में कुछ मैच लंकाशायर के लिए भी खेले, लेकिन चोट ने एक बार फिर उनका रास्ता रोक दिया।


Click it and Unblock the Notifications
