Sonbhadra News: कुएं में थी जहरीली गैस, मोनोब्लॉक निकालने में दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत, गांव में पसरा मातम
Sonbhadra News: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जनपद में बुधवार की सुबह कुएं से मोनोब्लॉक निकलते समय हादसा हो गया। कुएं में जहरीली गैस थी, जिसके चलते दो भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक के बाद एक तीनों लोग कुएं में उतरे थे।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और 3 घंटे तक कड़ी मशक्कत करने के बाद कटिया डालकर तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों द्वारा तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने रॉबर्ट्सगंज-खलियारी मार्ग पर पटवध मोड़ के समीप जाम लगा दिया। जाम लगाए लाेगों को काफी समझाने के बाद पुलिस वहां हटाई। तीनों मृतकों की लाश को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी हुई है।
दरअसल, यह पूरी घटना सोनभद्र जनपद के रायपुर थाना अंतर्गत बिजवार गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव का रहने वाला 35 वर्षीय दीपक गुप्ता के घर के समीप में एक पुराना कुआं है। कुएं में उसने पानी निकालने के लिए मोनोब्लॉक लगाया था।
बुधवार की सुबह दीपक का पड़ोसी 40 वर्षीय बलवंत कुएं से मोनोब्लॉक बाहर निकालने के लिए कुएं में प्रवेश किया। इस दौरान दीपक और उसका छोटा भाई सूर्य प्रकाश भी वहीं पर मौजूद था। बताया जा रहा है कि कुएं में प्रवेश करने के बाद बलवंत बेहोश हो गया।
कोई हरकत न होने और आवाज लगाने के बाद भी बलवंत द्वारा जवाब न दिए जाने के चलते दीपक कुएं में उतरा। कुएं में उतरने के बाद दीपक भी जहरीली गैस के चपेट में आ गया और वह भी अंदर फस गया। उसके बाद उसका भाई सूर्य प्रकाश आवाज लगाया लेकिन कुएं के अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
भाई को बचाने के लिए तुरंत सूर्य प्रकाश भी कुएं में उतर गया। उतारने के बाद वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। तीनों लोगों के कुएं में बेहोश होने की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग शोर मचाने लगे। शोर सुनकर आसपास की ग्रामीण पहुंची उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस वहां पहुंची और करीब 3 घंटे तक कड़ी में सकट करने के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद परिजन उन्हें लेकर वैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा मौत की पुष्टि किए जाने के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसर गया। पुलिस का कहना है कि तीनों मृतकों का शव कब्जे में ले लिया गया है। तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications