हरियाणा में पहली बार पेट्रोल ₹100 के पार पहुंचा, सरकार ने 51 हजार करोड़ सिर्फ टैक्स लगाकर कमाए
सिरसा। हरियाणा में पेट्रोल की कीमतें पहली बार 100 रु प्रति लीटर के पार जा पहुंचीं। यहां सिरसा जिले का डबवाली प्रदेश का ऐसा पहला क्षेत्र बना, जहां पेट्रोल का रेट 10 जुलाई को 100.06 रुपए लीटर है। हालांकि, एक्स्ट्रा प्रीमियम वाला पेट्रोल पहले से ही 100 के पार है। यदि पेट्रोल के दाम लगातार बढ़े तो अब अन्य जिलों में भी रेट 100 के पार जा सकता है। बता दें कि, राज्य सरकार अभी पेट्रोल पर 25% और डीजल पर 16.4% वैट ले रही है। यानी, सरकार पेट्रोल पर प्रति लीटर 19 और डीजल पर 12 रुपए से ज्यादा कमा रही है।

पेट्रोल सस्ता करना सरकार के हाथ में ही
पेट्रोल-डीजल सस्ता करना सरकार के हाथ में है, सरकार चाहे तो वैट को कम करके आमजन को राहत दे सकती है। अगर सरकार वैट को आधा भी कम करे तो पेट्रोल पर करीब 9 रु. प्रति लीटर की राहत मिल सकती है। बड़ी बात यह है कि, देश में सरकारें पेट्रोल-डीजल पर ज्यादा टैक्स लगाकर रेवेन्यू से अपनी तिजारियां भरती हैं। हरियाणा की ही सरकार ने पिछले साल करीब 51 हजार करोड़ रुपए रेवेन्यू सिर्फ टैक्स के जरिए कमाया था। जिसमें पेट्रोल-डीजल पर वैट से सरकार को 16 से 18 हजार करोड़ रुपए मिले थे।
जानकारों का मानना है कि, हरियाणा में पेट्रोल-डीजल के दाम जिस तरह से बढ़ रहे हैं... उससे सरकार इस साल 20 हजार करोड़ रुपए तक कमा सकती है। एक पेट्रेालपंप कर्मी ने बताया कि, हरियाणा में पहली बार पेट्रोल का रेट 100 रु. के पार गुरुवार देर रात को हुआ। डबवाली के पेट्रोल पंप पर गुरुवार के दिन तक पेट्रोल 99.72 रु. प्रति लीटर था, लेकिन उसी रात को 34 पैसे बढ़ने के बाद रेट 100.06 रु. प्रति लीटर हो गया। महंगाई बढ़ने की बात की जाए तो इस साल पेट्रोल और डीजल के रेट बढ़ते ही रहे हैं, हालांकि बंगाल चुनाव के 2 माह के दौरान रेटों में बढ़ोतरी की जगह कमी दर्ज की गई थी। जैसे कि, 1 जनवरी को पेट्रोल का रेट 82.82 रुपए था। मगर, फिर जैसे ही चुनाव खत्म हुए... उसके बाद से अब तक 17.42 रुपए प्रति लीटर की वृद्धि हो गई। जून में पेट्रोल पर इस साल सबसे ज्यादा 4.20 रुपए बढ़े। वहीं, इस जुलाई के 10 दिनों में भी 1.69 रुपए रेट बढ़ा है।












Click it and Unblock the Notifications