ये है एमपी का हेल्थ सिस्टम! ठेले पर अस्पताल पहुंची गर्भवती महिला, दुनिया नहीं देख पाया नवजात शिशु
Sidhi News: मध्य प्रदेश के सीधी जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। एंबुलेंस के इंतजार में एक महिला ने ठेले पर ही बच्चे को जन्म दे दिया। लेकिन जन्म के 10 मिनट बाद ही नवजात शिशु की मौत हो गई है।
घटना शनिवार की बताई जा रही है। सीधी जिला मुख्यालय से लगभग 3 किलोमीटर दूर रहने वाली उर्मिला रजक को प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिवार वालों ने तुरंत एम्बुलेंस के लिए टोल फ्री नंबर पर कई बार फोन किया लेकिन एम्बुलेंस नहीं आई। उर्मिला की हालत बिगड़ती जा रही थी और दर्द असहनीय हो गया था। मजबूरन परिजनों ने उन्हें सब्जी के ठेले पर लिटाया और अस्पताल की ओर चल पड़े।

सरकारी अस्पताल पहुंचने पर भी दुर्दशा कम नहीं हुई। परिजनों को स्ट्रेचर तक नसीब नहीं हुआ। उन्हें उर्मिला को खुद ही इमरजेंसी वार्ड तक ले जाना पड़ा। हालांकि अस्पताल प्रशासन ने इस घटना में जांच की बात कही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में अक्सर अव्यवस्था का अंबर रहता है। मरीजों के इलाज में लापरवाही बरती जाती है। यह मामला सीधी जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को उजागर करती है।
इस घटना से लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती तो शायद नवजात शिशु की जान बच सकती थी। सरकार को चाहिए कि वह स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर गंभीरता दिखाए और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही करें।












Click it and Unblock the Notifications