भाजपा कार्यकर्ताओं और पूर्व कांग्रेस विधायक के बीच सड़क पर हाथापाई, सरेआम चले लात घूंसे
Shimla news, शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के ज्वाली के पूर्व विधायक व वीरभद्र सिंह सरकार में सीपीएस रहे नीरज भारती को भाजपा कार्यकर्ताओं के घेर लिया और फिर मारपीट शुरू हो गई। हालांकि बाद में पुलिस ने बीच बचाव कर नीरज भारती को भीड़ में से निकालकर सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाया। दरअसल, ज्वाली भाजपा के ही कुछ कार्यकर्ताओं ने फेसबुक पर नीरज भारती को यहां आने की चुनौती दी थी। नीरज भारती ने शुक्रवार को कांग्रेस छोड़ने का ऐलान करते हुए अपनी पोस्ट में भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनौती दी थी कि वह ज्वाली आ रहे हैं व उन्हें जो करना होगा वह कर लें।
शानिवार को शिमला से नीरज भारती, जिन्होंने आजकल अपना सिर मुंडवा कर रखा है, जैसे ही ज्वाली की मेन मार्किट में उतरे, उसी समय वहां भाजपा कार्यकर्ता जमा होने लगे। उन्होंने भारती को घेर लिया। उसी दौरान नीरज भारती को चुनौती देने वाला भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गया। दोनों के आमने-सामने होते ही लात घूंसे चलने शुरू हो गए। भीड़ में से किसी ने थप्पड़ मार दिया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि थप्पड़ किसे मारा गया। इसके बाद महौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि तब तक बड़ी तादाद में पुलिस बल मौका पर पहुंच चुका था।
पुलिस ने बीच बचाव कर नीरज भारती को भीड़ से सुरक्षित निकाला व उनके घर भेज दिया। इस बीच भाजपा कार्यकर्ताओं को नीरज भारती चुनौती देते सुने गये कि अगर किसी ने भी उनके किसी समर्थक को हाथ लगाने की कोशिश की तो वह चुप नहीं रहेंगे।
उधर, इस बीच एएसपी राजेश कुमार का कहना है कि कानूनी कार्रवाई होगी। याद रहे कि नीरज को लेकर भाजपा कार्यकर्ता ने इस बात का चैलेंज दिया था कि वह ज्वाली आकर दिखाएं तो यहां से वापस नहीं जा पाएंगे। नीरज उसी चैलेंज को स्वीकार करते हुए शिमला से जवाली पहुंचे थे। दरअसल, पिछले कुछ अरसे से नीरज भारती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा नेताओं के खिलाफ फेसबुक पर पोस्ट करते चले आ रहे थे। उन्होंने स्मृति ईरानी के खिलाफ भी आपत्तिजनक पोस्ट की थी। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में उनके खिलाफ गुस्सा है।
ये भी पढ़ें- जिंदगी-मौत के बीच जूझ रहे हिमाचल में छह पर्वतारोही, एक की मौत