Viral video: हथकड़ी लगाए अपराधी को बना दिया 'सारथी', बाइक पर मटरगश्ती करती नजर आई खाकी
उत्तर प्रदेश पुलिस के भी किस्से निराले हैं। कभी ये कहर बनकर माफियाओं पर टूट पड़ती है तो कभी ये अपराधियों के साथ शोले मूवी के जय वीरू तरह मोटरसाइकिल पर घूमती नजर आ जाती है। ऐसा ही एक वायरल वीडियो सामने आया है यूपी के जनपद शामली से, जहां हाथ में हथकड़ी लगाए हुए आरोपी पुलिसकर्मियों का सारथी बना हुआ है। वीडियो में आरोपी बाइक चलाता नजर आ रहा है और पुलिसकर्मी पीछे बैठे हुए हैं।
आरोपी को थमा दी बाइक, खुद पीछे बैठे पुलिसकर्मी
दरअसल, यह मामला तीन दिन पूर्व का है, जब दो पुलिसकर्मी एक आरोपी को कोर्ट पेश करने के लिए लेकर जा रहे थे। बता दें कि शामली से कैराना कोर्ट की दूरी मात्र 12 किलोमीटर है। ऐसे में आरोपी और पुलिसकर्मी दोनों ही थक गए। इसके बाद कैराना रोड पर पहले पुलिसकर्मियों ने आरोपी को आराम करने के लिए एक बाग में पेड़ की छाया मुहैय्या कराई और उससे गपशप मारी। फिर दरियादिली दिखाते हुए आरोपी को ही मोटरसाइकिल थमा दी और खुद उसके पीछे बैठ गए। वहीं इस दौरान वहाँ मौजूद किसी शख्स ने इनका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।

किसी अनहोनी की स्थिति में जिम्मेदार कौन होगा?
वायरल वीडियो में हथकड़ी लगाए हुए आरोपी बाइक चला रहा है और पुलिसकर्मी पीछे बैठे है। ऐसे में सवाल यह खड़ा होता है कि अगर बदमाश मोटरसाइकिल को किसी वाहन से टकरा दे, एक्सीडेंट कर दे या फिर पुलिसकर्मियों को ही गिराकर भाग जाए तो कौन जिम्मेदार होगा? उधर जैसे ही यह वीडियो वायरल हुई और उच्च अधिकारीयों तक पहुंची तो हड़कंप मच गया।
निलंबन की कार्रवाई शुरू
शामली पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए सीओ को पूरे प्रकरण की जांच सौंपी। चंद घंटों में ही पूरे प्रकरण की जांच करने के बाद सीओ ने अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी। जिसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications